अर्जेंटीना व उरुग्वे भी कटौती से परेशान (ब्यूनस) अर्जेंटीना व उरुग्वे भी कटौती से परेशान

ब्यूनस आयर्स । बिजली कटौती से सिर्फ भारत के शहर ही दोचार नहीं होते। ऐसा ही हाल कई देशों का है। दक्षिण अमेरिकी देश अर्जेंटीना और उरुग्वे में बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण पूरा देश अंधेरे में डूब गया और लोग बेहाल हो गए। अर्जेंटीना में बिजली कटौती के कारण पूरा जन-जीवन ठप हो गया। ट्रेनों की रफ्तार थम गई तो सड़क पर ट्रैफिक सिग्नल ही गायब हो गए। इसके कारण लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे बड़ी बात कि अर्जेंटीना में यह घटना तब घटी है जब कुछ जगहों पर स्थानीय चुनाव होने वाले हैं। अर्जेंटीना के ऊर्जा सचिव, गुस्तावो लोपेटेगुई ने कहा कि बिजली की विफलता का कारण अभी तक निर्धारित नहीं किया गया है। बता दें कि अर्जेंटीना और उरुग्वे की जनसंख्या करीब 48 मिलियन है। दोनों देशों की इतनी बड़ी जनसंख्या बिजली आपूर्ति बाधित होने से प्रभावित हुई। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पूरे देश में पीने के पानी की आपूर्ति भी बाधित रही। अर्जेंटीना की सबसे बड़ी पानी कंपनियों में से एक अगुआ वाई सैनमेनींटोस ने अपने पानी के उपयोग को सीमित करने के लिए लोगों को चेतावनी दी, क्योंकि बिजली कटौती से पीने के पानी का वितरण प्रभावित हुआ था।
