अलवर गैंगरेप केस: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में पेश की चार्जशीट

अलवर गैंगरेप केस में पुलिस ने 10 दिन के भीतर अपनी जांच पूरी कर शनिवार को आरोपियों के खिलाफ विशिष्ट न्यायाधीश एससी-एसटी कोर्ट अलवर में  चार्जशीट पेश कर दी है. पुलिस ने 15 पन्ने की चार्जशीट के साथ करीब 400 पेज में साक्ष्य, बयान और अन्य दस्तावेज पेश किए हैं.जानकारी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 149, 323, 341, 354 ख, 376d, 506, 342, 386, 384, 395, 327, 365 और एससी-एसटी एक्ट में आरोप प्रमाणित मानते हुए चार्जशीट दाखिल की गई है. चार्जशीट पेश करने से पहले पुलिस की लीगल सेल ने भी उसका बारीकी से निरीक्षण किया है ताकि अनुसंधान में किसी तरह की कोई खामी नहीं रह सके. पुलिस ने शुक्रवार को पीड़ित पक्ष के कोर्ट में वायस सैम्पल भी करवा दिए थे.चार्जशीट तैयार करने में पुलिस की टीम जुटी रही है दिन रात
उल्लेखनीय है कि गैंगरेप का मामला थानागाजी थाने में 2 मई को दर्ज हुआ था. पुलिस ने 7 और 8 मई को गैंगरेप के सभी पांचों आरोपियों समेत घटना का वीडियो वायरल करने के आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया था. सभी 6 आरोपी फिलहाल कोर्ट के आदेश पर 30 मई तक न्यायिक अभिरक्षा में हैं. आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार करने के लिए पुलिस के तकनीकी एक्सपर्ट और कानूनी जानकारों की टीम के साथ एक पुलिस उपाधीक्षक, एक सीआई, दो उपनिरीक्षकों समेत आधा दर्जन से अधिक एएसआई व हैड कांस्टेबल की टीम दिन रात जुटी रही हैं.

Leave a Reply