अश्विनी चौबे पर राबड़ी ने कसे तंज, जानिए क्‍यों बोलीं- बिना घूंघट मंत्रीजी का हाल तो देखिए

पटना । राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्‍नी व बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य राज्‍य मंत्री अश्विनी चौबे पर उनके ही पहले के एक बयान पर पलटवार किया है। बीते लोकसभा चुनाव के दौरान राबड़ी देवी के एक बयान पर अश्विनी चौबे ने उन्हें घूंघट में रहने की नसीहत दी थी। अब बिहार में एक्‍यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से मौतों को लेकर सवालों से भागते दिखे अश्विनी चौबे को राबड़ी ने कहा है कि महिलाओं को घूंघट में रहने की नसीहत देने वाले केंद्रीय मंत्री का बिना घूंघट क्या हाल है, देख लीजिए।

इस मामले में की टिप्‍पणी

राबड़ी ने यह टिप्पणी मुजफ्फरपुर में एईएस से बच्चों की मौत के सवाल पर चौबे की चुप्पी के बाद की है। केंद्रीय मंत्री मीडिया के मुजफ्फरपुर से संबंधित सवालों से कतरा रहे हैं। सवाल आते ही वे कन्नी काट जाते हैं। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दफ्तर में जब पत्रकारों ने उनसे प्रतिक्रिया लेनी चाही तो उन्होंने परहेज करने की कोशिश की। इसके बाद वे विपक्षी नेताओं के निशाने पर आ गए। राबड़ी देवी ने भी इसी सिलसिले में चौबे पर टिप्पणी की।
राबड़ी ने अपने ट्वीट के साथ राष्‍ट्रीय जनता दल के एक ट्वीट को भी शेयर किया। इस ट्वीट में केंद्र व राज्‍य सरकारों पर कटाक्ष करते हुए लिखा गया है कि बिना उत्तरदायित्व और संकल्प का लोकतंत्र है। केवल "अच्छे दिन" और "सुशासन" के ढोल पीटे जा रहे हैं। जबकि एईएस से बच्‍चों की मौतों पर न जवाब, न जवाबदेही, न स्पष्टीकरण, न सांत्वना, न पुनरावृत्ति रोकने का भरोसा, न रोडमैप और न मासूमों की लापरवाही व कोताही से जान जाने का कोई दुख है।

Leave a Reply