अहमदाबादः 7 दांतों के साथ जन्मा बच्चा, सर्जरी से निकाला गया

अहमदाबाद. अहमदाबाद के डॉक्टर्स उस वक्त हैरान रह गए जब एक बच्चा 7 दांतों के साथ पैदा हुआ। डॉक्टर्स के मुताबिक, यह संभवतः विश्व की पहली ऐसी घटना है जब कोई बच्चा 7 दांतों के साथ पैदा हुआ हो। बच्चे की सारे दांत हिल रहे थे, जिस वजह से उसे निकालना पड़ा। 

अहमदाबाद में रहने वाला शर्मा परिवार उस वक्त हैरान रह गया जब बच्चा 7 दांतों के साथ पैदा हुआ। मां को बच्चे की फीडिंग में दिक्कत हो रही थी। फिर शर्मा परिवार ने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.नीरव बेनानी और डेंटिस्ट डॉ.मीत रामात्री से संपर्क किया। दोनों डॉक्टर्स ने बच्चे के दांतों को हटाने के सुझाव दिए। पैरंट्स की अनुमति के बाद बच्चे की 2 सर्जरी कर सारे दांत निकाल दिए गए। जब बच्चे का दांत निकाला गया तब वह सिर्फ एक महीने का था। पहले चरण में बच्चे को लोकल ऐनिस्थीसिया दिया गया और तीन दांत निकाले गए और सर्जरी के दूसरे चरण में बाकी चार दांत निकाले गए। डॉ.नीरव ने बताया कि मैंने कभी 7 दांतों के साथ जन्म लेने वाला बच्चा नहीं देखा। डॉ.रामात्री ने बताया कि बच्चा बहुत छोटा था, उसे रेग्युलर ऐनिस्थीसिया देना असंभव था इसलिए लोकल ऐनिस्थीसिया दिया गया। सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी। बच्चे का दांत निकालने में 15 मिनट लगे। 

डॉक्टर्स बताते हैं कि अगर बच्चे की सर्जरी नहीं होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। उसके दांत भी हिल रहे थे, इससे बच्चे को चोट लग सकती थी। हिलते हुए दांत बच्चे के फूड पाइप में भी फंस सकता था। सर्जरी के बाद अब बच्चे की हालात सामान्य है।

Leave a Reply