आंचल ने बढ़ाया कुशीनगर का मान, बुलगारिया में खेलेगीं अन्र्तराष्ट्रीय मैच

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की एक महिला बाक्सर ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। अपने जबरदस्त पंचों से विरोधियों को रिंग में चित कर उसने भारतीय बाक्सिंग टीम के लिए अपनी राह आसान कर लिया है। अब वह बुल्गारिया में होने वाले अंर्तराष्ट्रीय बाक्सिंग चैम्पियनशिप में भारतीय बाक्सर के रूप में फाइट करेगी।

जानकारी के अनुसार कुशीनगर के हाटा नगरपालिका परिषद के देवरिया देहात निवासी पुरुषोत्तम सिंह की पुत्री आंचल सिंह ने बीते नवंबर माह में आईबा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में 48 किलो भार जूनियर में यूपी की टीम से खेलकर मेडल जीता था। इसकी वजह से वह भारतीय टीम से बुल्गारिया में होने वाले अन्तराष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में विशेष प्रशिक्षण के लिए भारतीय कैम्प में चयनित हुई है।
आंचल कुशीनगर जनपद की दूसरी महिला मुक्केबाज है, जिसको भारतीय टीम में स्थान मिला है। आंचल बुल्गारिया में होने वाले अन्तरराष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता के विशेष प्रशिक्षण के लिए हरियाणा के रोहतक स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण एनबीएसई सेंटर के कैम्प में 27 मई से 17 जून तक रहेगी।
आंचल ने बताया कि वह हाटा में जूनियर हाई स्कूल परिसर में कोच राजेश गुप्ता से प्रशिक्षण ली है। उसके बाद वर्ष 2016 में इलाहाबाद में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड, 2017 में मेरठ में कैलाश स्पोर्टस स्टेडियम में गोल्ड व 2018 में एटा में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने का सिलसिला शुरू हो गया। भारतीय बॉक्सिंग टीम में चयन होने के बाद आंचल ने कहा कि उसका मकसद भारतीय टीम के लिए मेडल जीतकर लाना है। इसके लिए दिन-रात मेहनत कर रही है। उसकी मेहनत जरूर रंग लाएगी।

Leave a Reply