आज दोपहर बाद 2 बजे से होगी शुरुआत, अन्त्योदय राशनकार्ड और आधार कार्ड ले जाना होगा

रायपुर छत्तीसगढ़ में आज से 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू हो रहा है। रायपुर जिले में यह टीकाकरण केवल 13 केंद्रों पर होगा। पहले दिन इसकी शुरुआत दोपहर बाद 2 बजे से होगी। बाद में हर रोज सुबह 11 बजे से टीकाकरण का काम शुरू होगा।

टीकाकरण के लिए रायपुर नगर निगम में 4 केंद्र, बिरगांव नगर निगम में एक केंद्र तथा विकास खंडों में 2-2 केंद्र बनाए गए हैं। जिले के 18 से 44 आयु वर्ग के अंत्योदय राशन कार्डधारी नागरिक इनमें से निकटतम केंद्र में जाकर अपना राशनकार्ड तथा आधार या वोटर कार्ड जैसे कोई एक पहचान पत्र दिखाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। इसके लिए किसी पूर्व पंजीयन की जरूरत नहीं है।

रायपुर कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने बताया, सभी विकास खंडों के लिए 800-800 और नगर निगमों के लिए 2300-2300 वैक्सीन दिए जाने हैं। कलेक्टर ने टीकाकरण के समय सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना प्रोटोकाल कॉल का पालन करें। पहले दिन नगर निगम के टीकाकरण केंद्रों में अधिकतम 50 और शेष अन्य केंद्रों में 30 नागरिकों को टीका लगाया जाएगा।

रायपुर-बिरगांव शहरों में इन केंद्रों में लगेगा टीका

रायपुर नगर निगम के तहत जिला अस्पताल पंडरी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटागांव, गुढ़ियारी और गोगांव में टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। वहीं, बिरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा में टीकाकरण केंद्र बनाया गया है।

विकासखंडों में टीकाकरण केंद्र

तिल्दा विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरखूट और बंगोली में, अभनपुर विकास खंड के तोरला और परसदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, आरंग विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राखी और रीवा में तथा धरसीवां विकास खंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मांढर और कुरूद-सिलीयारी में टीकाकरण होगा।

Leave a Reply