आज रूस रवाना होंगे पीएम मोदी, इन वजहों से बेहद खास मानी जा रही पुतिन से मुलाकात

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अनौपचारिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस रवाना होंगे। बता दें कि पुतिन चौथी बार रूस के राष्ट्रपति बने हैं। ऐसे में पीएम मोदी और पुतिन की यह मुलाकात बेहद खास मानी जा रही है।

मुलाकात में ये होगा खास 

विदेश मंत्रालय के अनुसार रूसी शहर सोची में होने वाले इस शिखर सम्मेलन में दोनों नेता अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। साथ ही दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक पार्टनरशिप को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी। 


इसके अलावा दोनों देशों के विकास की प्राथमिकताओं और द्विपक्षीय मामलों पर भी चर्चा होगी। यह शिखर सम्मेलन भारत और रूस के बीच लगातार राजनीतिक संबंध बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी इसी तरह के शिखर सम्मेलन के लिए पिछले महीने चीन गए थे। 


पिछले साल हुई थी मुलाकात

बता दें कि पिछले साल 1 जून को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस दौरे पर गए थे। जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ था। पिछली बार वह रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में शहीद स्मारक पर गए थे। जहां उन्होंने लेनिनग्राद पर कब्जे के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी थी।


पिछली बार प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी पुतिन के साथ 18वें भारत-रूस सालाना सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने 2 जून को सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम को संबोधित भी किया था। पिछली बार के मुकाबले इस बार भी पीएम मोदी की यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है। 

Leave a Reply