आमेर फोर्ट में पर्यटकों की सुरक्षा से संबंधित रिपोर्ट तैयार, दिया गया ये प्रस्ताव

जयपुर: विश्व विरासत में शामिल आमेर महल को विश्व स्तर के पर्यटन स्थल में विकसित करने के लिए केंदीय पर्यटन मंत्रालय ने रिपोर्ट मांगी है. जिसके बाद पर्यटकों की सुरक्षा और आवागमन के लिए यातायात के संबंध में राजस्थान पुलिस ने रिपोर्ट तैयार कर ली है.
बताया जा रहा है कि सहायक पुलिस आयुक्त आमेर उत्तर जयपुर ने आमेर महल अधीक्षक के साथ विचार विमर्श कर रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेज दी है. सहायक पुलिस आयुक्त ने आमेर महल में आने वाले पर्यटकों को विश्व स्तर की सुविधा मिले उसको लेकर बिंदूवार रिपोर्ट तैयार कर भेजी है. जिसमें आमेर महल आने वाले पर्यटकों के लिए लिए मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था करने, पर्यटन सीजन के दौरान आमेर जयपुर रोड को वन-वे किया जाना प्रस्तावित है. इसके अलावा वाहन निकासी के लिए आमेर रोड वाया राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या—11 सी का उपयोग किए जाने का भी प्रस्ताव दिया गया है.
स्थानीय लोगों ने यहां पर्यटकों के लिए चलने वाले वाहनों और गाइडों का रेट फिक्स करने की मांग रखी है. साथ ही इसकी जानकारी हर जगह नोटिस बोर्ड पर लगाने और गाइडों के लिए एक ड्रेस कोड की भी मांग की गई है.
