आरटीओ की सख्ती से डरे स्कूल वाहन चालक 200 बच्चों को बीच रास्ते छोड़कर फरार

वडोदरा | अहमदाबाद में स्कूल वैन से तीन बच्चों के गिरने की घटना के बाद पुलिस और आरटीओ राज्यभर में स्कूल वैन चालकों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी| जिसका खामियाजा वडोदरा के बच्चों को भुगतना पड़ा| दरअसल वडोदरा शहर में आज आरटीओ द्वारा स्कूल वैनों की जांच कर रही थी| कई स्कूल वैन स्कूल से बच्चों को लेकर उनके घर छोड़ने जा रही थी| रास्ते में स्कूल वैन चालकों को आरटीओ की कार्यवाही का पता चला तो उन्होंने वडोदरा के समा-सावली रोड पर नहर के निकट बच्चों को उतार दिया और वहां से फरार हो गए| इतनी बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों को देख आसपास से गुजर रहे लोगों में से किसी ने पुलिस को सूचना दी| सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और बच्चों को पीसीआर वैन में उनके घरों तक पहुंचाया| जिन अभिभावकों को पता चला वह अपने बच्चों को खुद ले आए| इस घटना से अभिभावकों में आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने इसके लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया|
घटना की जानकारी राज्य के शिक्षा मंत्री को मिली तो उन्होंने इसकी कड़ी निंदा की| शिक्षा मंत्री भूपेन्द्रसिंह चूडास्मा ने पूरे मामले की जांच का आदेश दे दिया| घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए शिक्षा मंत्री ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने और जांच रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है|

Leave a Reply