आरोपी पर घोषित था ईनाम, ढाई साल बाद पकड़ा गया हत्या का आरोपी

जबलपुर। महिला पर जानलेवा हमला और हत्या करके फरार हुए आरोपी को विजयनगर पुलिस ने ढाई साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कई थानों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपए का  ईनाम भी रखा था। कुख्यात आरोपी की तलाश पुलिस कई वर्षों से कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि २ फरवरी २०१५ को थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का प्रयास किया गया था। इसी दिन देर रात गोलू एजाज की हत्या हो गई थी। दोनों मामलों में आरोपी सौरभ उर्फ पत्ता, पिंकू काला नीरज ठाकुर, मो. अबरार छप्पन, समीर आदि शामिल थे, जो घटना के बाद फरार हो गये थे। पुलिस ने प्रकरण में पिंकू काला नीरज ठाकुर, मो. अबरार छप्पन को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन हत्या के मामले मे सौरभ पिता नारायण प्रसाद सेन निवासी दीक्षितपुरा तथा समीर पठान पिता कालू पहलवान लगातार फरार चल रहे थे। 
किराये के मकान में रह रहा था आरोपी……
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी सौरभ सेन एमआरफोर रोड के पास मौजूद है। पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर घेराबंदी करके सौरभ सेन को गिरफ्तार किया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी हत्या को अंजाम देने के बाद से कई स्थानों पर रह रहा था। वह वर्तमान मे गढा फाटक में किराये के मकान मे रह रहा था।
सौरभ है कुख्यात अपराधी…..
पुलिस ने बताया कि सौरभ पत्ता के विरुद्ध थाना कोतवाली, लार्डगंज, हनुमानताल मे हत्या का प्रयास, मादक पदार्थ, गोली चलाना, मारपीट, बंमबाजी, अबैध बसूली आदि के २५ अपराध पंजीबद्ध होकर न्यायालय में विचाराधीन है। कोतवाली थाना में ४, थाना लार्डगंज में एक, थाना हनुमानताल मे २ गैरम्यादी व गिरफ्तारी वारंट लम्बित थे। सौरभ पत्ता उर्फ सौरभ सेन लगातार ढाई वर्ष से फरार चल रहा था जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक जबलपुर ने पांच हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था।

Leave a Reply