इंडोनेशिया के बेंकुलू प्रांत के गवर्नर ने की मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से गांधीनगर में रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया के बेंकुलू प्रांत के गवर्नर डॉ. एच. रोहिडिंग मेरियाश के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल भारत के एक सप्ताह के दौरे पर आया है और इस दौरान वह गुजरात सहित कोलकाता, मुंबई और दिल्ली जैसे विभिन्न स्थलों एवं उद्योगों का दौरा कर विशिष्ट जानकारी हासिल करेगा।
मुख्यमंत्री के साथ इस मुलाकात बैठक के दौरान बेंकुलू के गवर्नर ने मत्स्य उद्योग, एक्वाकल्चर और पर्यटन इंडस्ट्रीज के विकास की संभावनाओं को लेकर परस्पर सहयोग के लिए परामर्श किया। गुजरात के 1600 किलोमीटर लंबे समुद्री तट और राज्य में मत्स्योद्योग एवं मेरिटाइम सेक्टर सहित पर्यटन विविधताओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इंडोनेशिया के साथ भारत और गुजरात की इन क्षेत्रों में सहभागिता उपयुक्त साबित होगी। इस मौके पर आगामी वाइब्रेंट समिट-2021 में इंडोनेशिया के प्रतिनिधिमंडल को शामिल होने का न्यौता भी उन्होंने दिया। प्रतिनिधिमंडल में इंडोनेशिया के बेंकुलू प्रांत के परिवार कल्याण आंदोलन के प्रमुख डेट्रा वाह्युलीन, बेंकुलू निवेश बोर्ड के प्रमुख सहित बेंकुलू प्रांत के विभिन्न उद्योगपति और प्रतिनिधि शामिल थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव के. कैलाशनाथन, प्रधान सचिव मनोज कुमार दास, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एसजे हैदर और उद्योग आयुक्त ममता वर्मा उपस्थित थे।
