इंदिरा नहर में पिकअप वैन गिरी, 29 डूबे, 22 बचाये गये, पांच बच्चे लापता, दो के शव मिले

लखनऊ । राजधानी के निकट नगराम में एक वैवाहिक समारोह से लौट रही एक पिकअप वैन गुरूवार सुबह इंदिरा नहर में जा गिरी, जिसमें 29 लोग नहर में डूब गये। 22 लोगो को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित निकाल लिया लेकिन सात बच्चे नहर में लापता हो गए। बाद में कड़ी मषक्कत के बाद दो बच्चों के शव बरामद हो गए लेकिन पांच का अभी भी कुछ पता नहीं है। माना जा रहा है कि अब इन बच्चों के जिंदा होने की संभावना बहुत कम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा नहर में वैन डूबने की घटना पर दुख व्यक्त किया
पुलिस के मुताबिक आज सुबह करीब साढ़ेे तीन बजे एक पारिवारिक समारोह में नगराम के परवा खेड़ा आई बारात से बाराबंकी लौट रही एक पिकअप वैन इंदिरानहर में जा गिरी जिसमें वैन में सवार सभी 29 लोग नहर में डूब गये। इनमें करीब 19 बच्चे थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटना स्थल पर पहुंच गयी और तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू हुआ। कुछ घंटो बाद 22 लोगो को नहर से जिंदा बचा लिया गया लेकिन सात लोगों का कोई पता नहीं चल सका। सभी लापता बच्चे हंै जिनकी उम्र पांच से दस साल के बीच है। इन लापता बच्चों को तलाशने का काम जारी रहा और इंदिरा नहर का पानी रोक दिया गया। बाद में दो बच्चों के षव मिले। बच्चों को ढूंढने के लिये एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों के साथ पुलिस के गोताखोरो की टीमें भी इंदिरा नहर में बच्चों को ढूंढ रही है। घटनास्थल पर एंबुलेंस के साथ डाक्टरों की टीमें भी तैनात है। ताकि बच्चों के निकलने के बाद अगर उन्हें तुरंत उपचार की जरूरत है तो वह दिया जा सकें।
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरानहर में वैन डूबने की घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को डूबे लोगो को ढूंढने में तत्परता दिखाने के निर्देश दिये हैं। वहीं बच्चों के परिजनों का आरोप है कि पिकअप वैन का ड्राइवर शराब के नशे में था और बहुत तेज गति से वाहन चला रहा था। लापता बच्चों में मानसी (04), मनीषा (05), सौरभ (08), सचिन (06), साजन (08), अमन (09) तथा एक अन्य बच्चा शामिल है। लापता बच्चे की मां लज्जावती ने बताया कि रात का समय था और अंधेरा था और ड्राइवर नशे में था और वह बहुत तेज रफतार से गाड़ी चला रहा था उसे कई बार धीरे चलने को कहा गया कि लेकिन उसने किसी की बात नही सुनी और वैन नहर में जा गिरी। बताया जाता है कि पहले तो ग्रामीणों ने लोगो को निकालने का काम किया बाद में सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंची और राहत और बचाव का काम आरंभ किया।
