इंदौर फिर हुआ शर्मशार : सर्वे करने गई मेडिकल टीम पर चाकू से हमला

इंदौर. एक बार फिर से शहर को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। टाटपट्टी बाखल में मेडिकल टीम और चंदन नगर में पुलिस पर पथराव करने के बाद अब पलासिया थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमला कर दिया। सुबह विनोबा नगर में सर्वे करने पहुंची टीम पर आरोपी ने हमला करते हुए मोबाइल छीन लिया। आरोपी ने अपने पड़ोसी पर चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया। पलासिया पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। सर्वे इंचार्ज डॉ. प्रवीण चौरे ने बताया कि आदतन अपराधी पारस यादव ने सर्वे टीम पर हमला किया है। आरोपी लॉकडाउन के दौरान ऑटो से शराब बेचने का काम कर रहा था। उस पर गांजा बेचने का भी आरोप है। शुक्रवार रात इसी बात को लेकर पड़ोसियों से इसने विवाद किया था। सुबह सर्वे टीम पहुंची तो इसने सर्वे टीम पर भी हमला किया। चौरे के अनुसार- सर्वे टीम को मोबाइल पर ही डाटा एंट्री करनी होती है। एक महिलाकर्मी मोबाइल पर अपना काम कर रही थीं। आरोपी को लगा कि वे उसकी किसी को शिकायत कर रही थीं। इस पर उसने हमला कर दिया। वह चाकू लेकर दौड़ा तो कर्मचारी वहीं से हट गईं। इसके बाद उसने पड़ोसी पर हमला कर दिया।

Leave a Reply