इंदौर में कोरोना वायरस से संक्रमित मृतकों की संख्या हुई 79, कुल 1654 पॉजिटिव

इंदौर. देश में कोरोना वायरस (Corona virus) के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से दो और मरीजों की मौत हो गयी है. इसके साथ ही, जिले में वायरस के संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 79 पर पहुंच गयी है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया (Praveen Jadiya) ने मंगलवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 45 वर्षीय महिला और 64 वर्षीय पुरुष ने शहर के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली. उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस की शिकार महिला पहले से ही मधुमेह और उच्च रक्तचाप (Hypertension) से जूझ रही थी, जबकि पुरुष किडनी की बीमारी से पीड़ित था.सीएमएचओ ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 43 और मरीज मिलने के बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 1,611 से बढ़कर 1,654 पर पहुंच गयी है. इनमें से 468 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है. ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि रेड जोन में शामिल इंदौर जिले में मंगलवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.78 प्रतिशत थी.

मृत्यु दर में 5.55 फीसद की बड़ी गिरावट देखी गई है
हालांकि, 26 दिन पहले की स्थिति की तुलना में इस मृत्यु दर में 5.55 फीसद की बड़ी गिरावट देखी गई है. प्रदेश सरकार के आंकड़ों के मुताबिक नौ अप्रैल की सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 10.33 प्रतिशत थी. इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है.

एक निजी अस्पताल के दो डॉक्टरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी
बता दें कि सोमवार को इंदौर के एक निजी अस्पताल के दो डॉक्टरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी. इससे स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ गई गई हैं. हालांकि, दोनों डॉक्टरों को तत्काल इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. लेकिन सवाल ये है कि दोनों डॉक्टर जिस अस्पताल में सेवा दे रहे थे अब वहां भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ की जांच की जा रही है. साथ ही उनकी बीते 15 दिनों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है.
 

Leave a Reply