इन्दौर जिले में आगामी त्यौहारों के दौरान डीजे प्रतिबंधित रहेगा 

इन्दौर । इन्दौर जिले में आगामी त्यौहार, पर्व एवं अन्य आयोजन शांति, सद्भाव एवं गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मिलजुलकर मनाये जायेंगे। त्यौहार मनाने की इन्दौर की गौरवशाली परम्परा हर हाल में कायम रखी जायेगी। त्यौहारों के दौरान डीजे प्रतिबंधित रहेगा। गणेश प्रतिमा स्थापना की अनुमति थाना प्रभारी द्वारा तथा आखाड़ों की अनुमति संबंधित सीएसपी  दी जायेगी। यह निर्णय आज यहां कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जाटव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुयी शांति समिति की बैठक में लिये गये।
बैठक में डीआईजी श्रीमती रूचिवर्धन मिश्र,  पुलिस अधीक्षक,  अपर कलेक्टरगण  सहित अन्य अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद थे। बैठक में आगामी त्यौहारों, पर्वों सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की गयी। बैठक में कलेक्टर श्री जाटव ने कहा कि आगामी त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये माकुल प्रबंध किये जायेंगे। जिले में प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी प्रतिमाओं के क्रय-विक्रय और निर्माण को प्रतिबंधित किया गया है।
बैठक में बताया गया कि चल समारोह के दौरान लगने वाले स्वागत मंच एवं दो लाउडस्पीकर एवं एक माइक की अनुमति संबंधित नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा दी जाएगी। मोहर्रम, डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी आदि चल समारोह के दौरान अखाड़ों की अनुमति भी नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा दी जाएगी। नदी, तालाबों एवं कुओं में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं करने का आग्रह किया गया है
सभी एसडीएम एवं नगर पुलिस अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक आयोजित कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संभव प्रयास करेंगे। इसके अलावा सभी एसडीएम एवं नगर पुलिस अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों का संयुक्त रूप से भ्रमण भी करेंगे। कहा गया है कि अखाड़ों के दौरान अप्रशिक्षित व्यक्तियों और नाबालिगों को शामिल नहीं किया जाये।  साथ ही अखाड़ों में धारदार हथियार, तलवार आदि लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। अखाड़े के खलीफा केवल प्रतीक के रूप में तलवार लेकर चल सकते हैं। आयोजकों से कहा गया है कि वह अपने अपने आयोजनों के लिए विद्युत मंडल से अस्थाई विद्युत कनेक्शन जरूर लें।
बैठक में बताया गया कि आयोजनों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, फायर ब्रिगेड आदि के भी पर्याप्त इंतजाम रखे जायेंगे।     

Leave a Reply