इन्दौर में कल से बंद रहेंगे शॉपिंग मॉल और सुपर मार्केट – 

इन्दौर । कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए इन्दौर के सभी शॉपिंग मॉल और सुपर मार्केट को बुधवार से बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही मंगलवार को संभागायुक्त द्वारा आयोजित बैठक में 56 दुकान और सराफा बाजार शनिवार और रविवार को बंद रखने का निर्णय भी लिया गया।
मंगलवार को संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी द्वारा आयोजित बैठक में 31 मार्च तक मैरिज गार्डनों में होने वाले सभी आयोजनों को निरस्त करने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा एक स्थान पर 20 से अधिक लोगों के जमा होने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं शहर के बड़े मंदिरों के गर्भगृह में श्रद्धालुओं के प्रवेश को भी रोक दिया गया है। इसके साथ ही दुबई से इन्दौर आने वाली फ्लाइट के सभी यात्रियों को 24 घंटे आइसोलेशन में रखने का फैसला भी लिया गया।
:: बंद करवाए गए कोचिंग संस्थान :: 
प्रशासन द्वारा 31 मार्च तक शहर के सभी कोचिंग संस्थानों को बंद रखने के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके है। इसके बावजूद मंगलवार को कई कोचिंग संस्थान प्रारंभ थे। इस पर प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 28 कोचिंग क्लासेस को बंद करवाया। प्रशासन की टीम का कहना है कि कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र भी एक दूसरे के संपर्क में आकर संक्रमित हो सकते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कोचिंग क्लासेस को बंद कराया गया है। 
:: लोक परिवहन व आहतों पर निर्णय नहीं! :: 
शहर में संचालित लोक परिवहन सेवा को बन्द रखने पर विचार हुआ, हालांकि इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। उल्लेखनीय है कि बीआरटीएस सहित इन्दौर में संचालित सिटी बस व आई-बसों में 50-50 से अध‍िक लोग सफर करते है और कभी-कभी तो पैर रखने तक की जगह तक नहीं मिलती, लेकिन कोरोना वायरस के प्रति जन जनजागरूकता के लिए लोक परिवहन में सफर नहीं करने की सलाह जरूर दी जा रही है। लोक परिवहन के साथ ही शहर में शराब दुकानों के पास बनें 'आहतों' को भी बन्द रखने का निर्णय भी आगामी दिनों में लिया जा सकता है। 

Leave a Reply