इन्दौर में पॉजिटिव केस में स्थिरता आई, जल्द काबू पा लेंगे : नरोत्तम मिश्रा

इन्दौर । प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा आज इन्दौर भ्रमण पर थे। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में कोरोना को लेकर किए जा रहे प्रयासों एवं इन्दौर के हालातों को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, संस्कृति मंत्री सुश्री ऊषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, विधायकगण एवं संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, आईजी हरिनारायण चारी मिश्र, कलेक्टर मनीष सिंह, डीआईजी मनीष कपूरिया एवं पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि इन्दौर में पॉजिटिव केस के मामले में स्थिरता आई है और जल्द ही हम इस पर काबू पा लेंगे। उन्होंने कहा कि मुश्किल हालातों में ड्यूटी कर रहे जवानों की हौसला अफजाई का काम वरिष्ठ अधिकारी करते रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना आपदा के दौरान ड्यूटी करते हुए शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों को सरकार 50 लाख रूपये की अनुग्रह राशि और अनुकंपा नियुक्ति देगी। इसके अलावा पुलिस के सेंट्रल वेलफेयर फंड से सरकारी सहायता के रूप में एक लाख की राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
