इमरान टीम के खिलाफ कार्रवाई करें : अकमल

लाहौर । पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज रहे कामरान अकमल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से कहा है कि वह सरफराज अहमद सहित पूरी पाकिस्तानी टीम के खिलाफ सख्त कदम उठाएं। कामरान ने कहा, 'पाकिस्तान ने विश्वकप में अब तक ऐसा कोई मैच नहीं जीता जिसमें उसने रनों का पीछा किया हो। इसके बाद भी टीम ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का गलत फैसला लिया। पाक टीम को एकमात्र जीत भी मेजबान टीम इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए मिली और पाक टीम ने 350 से अधिक रन बनाये। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम की बल्लेबाजी बिखर गयी ओर वह 105 रन ही बना सकी। कामरान ने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री इमरान खान जो पाक क्रिकेट बोर्ड (पीसीसी) के संरक्षक भी हैं, उनसे अपील करता हूं कि जिन्होंने पाक क्रिकेट का नुकसान किया है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। हमारे पास कई अच्छे खिलाड़ी हैं जिन्हें अगर मौका मिलता है तो वह पाक बल्लेबाजी और गेंदबाजी को बेहतर कर सकते हैं। पाकिस्तान क्रिकेट को ये अच्छे स्तर पर ले जा सकते हैं।' पाक टीम का विश्वकप में अब तक का प्रदर्शन बेहद रखर रहा है और टीम को अपने पांच मैचों में 3 अंक ही मिले हैं। पाकिस्तानी टीम अंक तालिका में इस समय आठवें नंबर पर है और उसके बाद केवल अफगानिस्तान ही है। वहीं पीसीबी ने कहा है कि विश्व कप के बाद टीम की पूरी समीक्षा की जाएगी।
