इस देश के राष्ट्रपति ने कहा, ईश्वर के साथ दिखाओ सेल्फी दे दूंगा इस्तीफा

मनीला फिलिपींस के राष्ट्रपति दुतेर्ते को लगता है विवादों में रहना काफी पसंद है। हाल ही में ईश्वर के ऊपर विवादित टिप्पणी करने के कारण भारी विरोध का सामना करने के बावजूद अब उन्होंने एक और बड़ा बयान दे डाला है। उन्होंने हाल ही में कहा है कि अगर किसी ने ये सिद्ध कर दिया कि दुनिया में ईश्वर का अस्तित्व है तो वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। 


फिलिपींस रोमन कैथोलिक देश है और यहां इस तरह के बयान से काफी हंगामा खड़ा हो जाता है। इस बयान के बाद उन पर आलोचनाओं की बाढ़ आ गई है। विरोधी खेमे के लोग उन्हें निरंकुश, पत्थर दिल और कठोर करार दे रहे हैं। 


हालांकि राष्ट्रपति के प्रवक्ता हैरी रोके ने बाद में दुतेर्ते के बयानों का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें धर्म के ऊपर अपने विचारों को अभिव्यक्त करने का पूरा अधिकार है। दुतेर्ते के बयानों के बाद मनीला में एक सालाना बैठक बुलाई गई है, जिसमें इन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।


गौरतलब है कि शुक्रवार को एक समारोह में अपने भाषण में उन्होंने कथित तौर पर कैथोलिक मान्यताओं और बुनियादी सिद्धांतों पर सवाल खड़े किए थे। इस दौरान उन्होंने ईश्वर के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने पूछा कि- इसका क्या सबूत है कि ईश्वर है, इसका क्या तर्क है? वे दक्षिणी दवाओ शहर के साइंस एंड टेक्नोलॉजी इवेंट की संबोधन सत्र में बोल रहे थे। बताया जाता है कि दुतेर्ते के चर्च के साथ शुरू से ही कड़वे संबंध रहे हैं।


उन्होंने कहा कि अगर कोई मनुष्य ये सिद्ध कर देगा कि ईश्वर दुनिया में हैं तो वे तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि सबूत के तौर पर उस मनुष्य को ईश्वर के साथ कोई फोटो या सेल्फी लेकर आना होगा। ताकि यह पता चल सके कि हां, मनुष्य भी ईश्वर से संपर्क कर सकता है, उनसे बात कर सकता है।


Leave a Reply