इस बात पर भिड़ गए थे डीजी रैंक के 2 अफसर, अब IPS एसोसिएशन पहुंचा मामला

भोपाल. हनी ट्रैप मामले को लेकर प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी वीके सिंह (DGP vk singh) और एसटीएफ के स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम शर्मा (STF Special DG Purushottam sharma) का विवाद सीएम (cm kamalnath) के बाद आईपीएस एसोसिएशन (ips association) में पहुंच गया है. स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम शर्मा ने डीजीपी के खिलाफ एसोसिएशन को पत्र लिखा है. सूत्रों के मुताबिक ये विवाद गाजियाबाद में किराए पर लिए गए एक फ्लैट के बाद शुरू हुआ था, जिसे हनी ट्रैप मामले के सामने आने के बाद डीजीपी द्वारा खाली करा दिया गया था.
डीजीपी के खिलाफ लिखा पत्र
एसटीएफ के स्पेशल डीजी ने डीजीपी के खिलाफ पत्र में लिखा- 'मुझे अत्यधिक दुख व पीड़ा है कि हमारे संस्कार इतने निचले स्तर तक आ गए कि एक सीनियर अधिकारी ने अपने मातहत सीनियर अधिकारी की इज्जत उछाल दी. इस व्यवहार से पूरे विभाग की इज्जत उछल गई. मेरा निवेदन है कि डीजीपी वीके सिंह के इस कृत्य की भर्त्सना और भविष्य में इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति न हो, इसकी भी व्यवस्था की जाए. डीजीपी का बयान न केवल अखबार में छपवाया गया, बल्कि पुलिस मुख्यालय और साइबर सेल के हर कमरे में बंटवाया गया. इसे व्हाट्सएप पर भी सर्कुलेट किया गया. इतना ही नहीं डीजीपी ने इसका खंडन तक नहीं किया..'
आईपीएस लॉबी में विवाद शुरू
जब हनी ट्रैप की जांच की आंच पुलिस मुख्यालय पहुंची, तो अफसरों में हड़कंप मच गया. कई IPS अधिकारियों का नाम आने से घबराहट फैली हुई है. सूत्रों के अनुसार डीजीपी वीके सिंह और स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम शर्मा की लॉबी के बीच जमकर विवाद हो रहा है. एक दूसरे के खेमे के अधिकारी अब एक दूसरों को फंसाने के लिए नई-नई प्लानिंग कर रहे हैं. हो सकता है कि दोनों लॉबियों के बीच चल रहे विवाद के चलते कई और सनसनीखेज खुलासे इस हनी ट्रैप मामले में हो जाएं.
ये है विवाद की वजह
सूत्रों के मुताबिक झगड़े की जड़ गाजियाबाद में लिए गए किराये के उस फ्लैट से जुड़ी है, जिसे इसी महीने एसटीएफ के स्पेशल डीजी पुरूषोत्तम शर्मा ने अधिकारियों की सहमति पर लिया था. लेकिन डीजीपी वीके सिंह ने इसे खाली करा लिया. आरोप है कि फ्लैट के तार हनीट्रैप से जुड़े होने की वजह से ये फैसला लिया गया था. अपने नाम को हनी ट्रैप में घसीटे जाने से स्पेशल डीजी नाराज हो गए और उन्होंने प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी वीके सिंह के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया. न्यूज़18 ने पुलिस मुख्यालय की तरफ से डीजीपी वीके सिंह का पक्ष जानने की कोशिश की लेकिन जनसंपर्क अधिकारी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई.
पहले CM के पास पहुंचा था मामला
अब स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम शर्मा ने आरोप लगाए हैं कि उनका नाम जबरिया हनी ट्रैप में घसीटा जा रहा है. उन्होंने सीएम से फोन पर बातचीत कर डीजीपी वी के सिंह की शिकायत भी की. उनका आरोप है कि वी के सिंह पुलिस विभाग और उनके अधिकारियों की छवि खराब कर रहे हैं.
