ईरान पर अमेरिका ने लगाए बेहद कड़े प्रतिबंध

वॉशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भले ही ईरान पर हमले का आदेश वापस ले लिया था पर तेहरान के खिलाफ लगे प्रतिबंधों को वह और कड़े करते जा रहे हैं। गल्फ में बने तनावपूर्ण माहौल के बीच उन्होंने सोमवार को ईरान पर और कड़े प्रतिबंध लगाने वाला आदेश जारी कर दिया। ट्रंप ने कहा है कि अब ईरान पर पहले से कहीं ज्यादा सख्त प्रतिबंध लगेंगे और अमेरिकी क्षेत्र में तेहरान के सुप्रीम लीडर और दूसरे अधिकारी बैंकिंग सुविधा का लाभ नहीं ले पाएंगे। ट्रंप ने यह प्रतिबंध ऐसे समय में लगाया है जब कुछ दिन पहले ही ईरान ने एक अमेरिकी ड्रोन को अपने इलाके में होने का दावा करते हुए मार गिराया था। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने जवाबी हमले का आदेश भी दे दिया था पर उन्होंने कहा कि इससे 150 लोगों की जान जाती इसलिए अपने आदेश को 10 मिनट पहले उन्होंने वापस ले लिया। सोमवार को अपने ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, हम ईरान या किसी दूसरे देश के साथ संघर्ष नहीं चाहते हैं। मैं आपको केवल इतना बताना चाहता हूं कि हम कभी भी ईरान को परमाणु हथियार बनाने नहीं देंगे।
