उमनपा का क्लर्क मनसे पदाधिकारी पर जानलेवा हमला मामले में  गिरफ्तार !

उल्हासनगर। पिछले महीने महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के उल्हासनगर शहर अध्यक्ष मनोज शेलार पर हुए जानलेवा हमला मामले में उल्हासनगर की क्राइम ब्रांच ने मनपा के एक क्लर्क को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद पुलिस अब तक इस मामले में ५ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. आपको बता दें कि 8 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे अंबानाथ पूर्व, प्राचीन शिव मंदिर के पास स्थित गोविंद पुल के पास मनोज शेलार जब मॉर्निंग वॉक कर रहे थे तब उन पर मोटरसाइकिल सवार चार युवकों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था. इस मामले की शिकायत अंबरनाथ की शिवाजी नगर पुलिस थाने में शेलार ने दर्ज कराई थी. स्थानीय पुलिस के साथ मामले की तहकीकात उल्हासनगर अपराध शाखा की टीम द्वारा की जा रही थी. इस मामले में पुलिस ने साजिद मोहम्मद अकील शेख (१९), दीपक हरे राम तिवारी (१८), गोहित इंदिरा कांबले (१९) तथा अक्षय विनोद गिरि (२०) को गिरफ्तार किया था. अब पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने पांचवें आरोपी के रूप में सचिन वानखेड़े को गिरफ्तार किया है जो उल्हासनगर मनपा के महिला व बाल कल्याण विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत है. बताया गया है कि हाल ही में मनपा के उपायुक्त (मुख्यालय) मदन सोंडे ने सचिन वानखेड़े को पदोन्नत किया था. उधर कोर्ट ने वानखेड़े को २० नवंबर तक पुलिस रिमांड में रखने का आदेश दिया है. आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने में उल्हासनगर अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश तरडे, सहायक पुलिस निरीक्षक सालगुड़े, संपत फडोल, पुलिस उपनिरीक्षक किशोर महाशब्दे, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सुरेंद्र पवार, शाम रसाल, उदय कुमार पालांडे, जानू सिंह पवार, रमजु सौदागर, पुलिस कर्मचारी रमेश केंजले, रामचंद्र जाधव, प्रशांत तावड़े, सुनील जाधव, मधुकर माली आदि का महत्वपूर्ण योगदान है. अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि किसके कहने पर यह जानलेवा हमला किया गया था ?

Leave a Reply