उल्हासनगर में इमारत का स्लैब गिरा, मासूम बच्चे की मौत, वृद्ध महिला घायल 

उल्हासनगर। मुंबई से सटे उल्हासनगर में रविवार सुबह ६ बजे एक इमारत का स्लैब गिरने से चार साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई और एक वृद्ध महिला घायल हुई है. जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार उल्हासनगर के कैम्प तीन, हिराघाट, पवई परिसर के में स्थित एकता नगर में बोटक्लब के पास अंबिका सागर अपार्टमेंट के पांचवे मंजिल की बेडरूम का छत चौथे मंजिल पर गिर गया. जिससे एक मासूम बच्चे की मौत हो गई है और उसकी दादी घायल हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर मनपा व फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने वहां पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू किया और इमारत को खाली करवाकर उसे सील कर दिया. बताया गया है कि जिस फ्लैट का स्लैब गिरा उसमें कोई रहता नहीं था. उस फ्लैट के बेडरूम की छत चौथे मंजिल पर गिरी उस समय चौथे मंजिल पर रह रहे सत्यजीत सातपुते का चार वर्षीय पुत्र नीरज उसकी चपेट में आ गया जिसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि बच्चे के साथ उसकी दादी पंचशीला तात्याराव सातपुते भी थी वह भी घायल हो गई है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस सन्दर्भ में मनपा के सहायक आयुक्त (अवैध बांधकाम निष्कासन) गणेश शिंपी ने बताया कि यह बिल्डिंग धोखादायक इमारत की सूची में नहीं थी लेकिन इस घटना के बाद पूरी इमारत को खाली करके सील कर दिया गया है. बता दें कि इससे पूर्व भी कैंप पांच परिसर में एक इमारत के फ्लैट का छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी. विगत पांच साल की बात करें तो शहर में कई इमारतों के स्लैब गिरने की घटनाएं सामने आई है जिसमें निरपराध लोगों की जानें गई है. अभी भी मनपा द्वारा ३०० से अधिक इमारतों को धोखादायक बताकर उन्हें खाली करने का नोटिस दिया गया है मगर लोग जान हथेली पर रखकर रह  हैं. क्योंकि उनके पास विकल्प नहीं है.

Leave a Reply