उड़न खटोले में भी दिल्ली दूर, सवा तीन घंटे देरी से उड़ी आदमपुर दिल्ली फ्लाइट

जालंधर। जहाज होने के बावजूद बीते लगभग एक माह से दोआबा के यात्रियों को दिल्ली दूर ही महसूस हो रही है। जुलाई माह में दिल्ली आदमपुर-दिल्ली के मध्य उड़ान भरने वाली स्पाइसजेट की इकलौती फ्लाइट लगातार अपने निर्धारित समय से पिछड़ रही है। रविवार को भी आदमपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट अपने निर्धारित समय से सवा तीन घंटे से भी ज्यादा देरी से उड़ान भर सकी। वजह यही रही कि फ्लाइट दिल्ली से ही तीन घंटे देरी से आदमपुर पहुंची थी और अपने ठहराव से 15 मिनट देर हो जाने के बाद सवा तीन घंटे की देरी से उड़ान भर सकी। 

फ्लाइट का आदमपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने का समय बाद दोपहर 2:45 बजे निर्धारित है, लेकिन यह 6:03 पर दिल्ली के लिए रवाना हुई। फ्लाइट में 64 यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए। इससे पहले फ्लाइट का दिल्ली से उड़ान भरने का समय 1:30 बजे का है, लेकिन रविवार को यह 4:33 पर दिल्ली से रवाना हुई। दिल्ली से रविवार को 77 यात्री आदमपुर पहुंचे। दिल्ली से आदमपुर के लिए आने वाले यात्रियों को फ्लाइट लेट होने से खासा परेशान होना पड़ा। 

स्पाइसजेट एयरलाइन की तरफ से 11:30 बजे के लगभग यात्रियों को फ्लाइट के दो घंटे देर से उड़ान भरने संबंधी मैसेज एवं फोन कॉल किए गए, लेकिन तब तक कई यात्री एयरपोर्ट पर पहुंच चुके थे और स्पाइसजेट की तरफ से चेक-इन भी शुरू कर दिया गया था। इसके बाद यात्रियों को फ्लाइट के ढाई घंटे लेट होने और उसके कुछ देर बाद फ्लाइट के तीन घंटे लेट होने संबंधी सूचित किया गया। फ्लाइट के लेट होने की वजह परिचालन संबंधी मुश्किल बताई गई।
 

Leave a Reply