एंटिगा टेस्ट: वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को पारी और 219 रनों से हराया

एंटिगा। पहली पारी में अपने न्यूनतम स्कोर 43 रन पर ढेर होने के बाद बांग्लादेश दूसरी पारी में भी 144 रन पर सिमट गया और उसे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के तीसरे ही दिन मेजबान वेस्टइंडीज के हाथों पारी और 219 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज की अपने घर में यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। बांग्लादेश ने मैच के तीसरे दिन छह विकेट पर 62 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसकी पूरी टीम 144 रन आॅलआउट हो गई। वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 406 रन बनाए थे।
बांग्लादेश के लिए उसकी दूसरी पारी में विकेटकीपर नुरूल हसन ने 74 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की बदौलत सर्वाधिक 64 रन बनाए। इसके अलावा रूबेल हुसैन ने 16 और महमुदूल्लाह ने 15 रन का योगदान दिया। मेहमान टीम के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। मेजबान वेस्टइंडीज के लिए तेज गेंदबाज शैनन गैब्रिएल ने दूसरी पारी में 77 रन देकर सर्वाधिक पांच विकेट लिए। कप्तान जेसन होल्डर ने तीन और मिग्यूएल कमिंस ने 16 रन पर दो विकेट चटकाए। मैच में पहली पारी में आठ रन पर पांच विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज केमर रोच को 'मैन आफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
