एक्शन फिल्मों के दौर में रूमानी अभिनय के लिए याद रखे जाएंगे ऋषि कपूर 

दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में गुरुवार को निधन को गया। वह कैंसर से पीड़ित थे कुछ समय पहले ही अमेरिका में इलाज कराकर लौटे थे। ऋषि की पत्नी नीतू सिंह भी अपने जमाने की अच्छी अभिनेत्रियों में शामिल रहीं हैं। ऋषि के पुत्र रणधीर कूपर भी बॉलीवुड में चमकते सितारे के रुप में उभरे हैं। ऋषि के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर फैल गयी। बॉलीवुड के अलावा खेल जगह के साथ ही दिग्गज राजनेताओं ने भी इस अभिनेता को याद किया है। 
बॉलीवुड में एक्शन फिल्मों के दौर में भी रूमानी और भावपूर्ण अभिनय के लिए ऋषि कपूर हमेशा याद रखे जाएंगे। भोली भाली सूरत वाले ऋषि ने अपने रूमानी और भावपूर्ण अभिनय से लगभग तीन दशक तक दर्शकों के बीच अपनी अलग ही पहचान बनायी है। चार सितंबर 1952 को मुंबई में जन्में ऋषि को अभिनय की कला पिता राज कपूर से विरासत में ही मिली थी। ऋषि ने अपने अभिनय करियर की शुरूआत अपने पिता की फिल्म ‘‘मेरा नाम जोकर'' से की थी। 
फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये वह राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किये गये। वर्ष 1973 में अपने पिता राज कपूर के बैनर तले बनी फिल्म ‘‘बॉबी'' से अभिनेता के तौर पर ऋषि कपूर को पहचान मिली। इस फिल्म से अभिनेत्री  डिंपल कपाडिया ने भी शुरुआत की थी। इस फिल्म की जबरदस्त कामयाबी ने रातों-रात ऋषि कपूर को भी शोहरत की बुंलदियों पर पहुंचा दिया।
फिल्म बॉबी की सफलता के बाद ऋषि की कुछ फिल्में टिकट खिड़की पर असफल रहीं। वर्ष 1975 में प्रदर्शित फिल्म खेल खेल में मिली कामयाबी के बाद ऋषि कपूर बतौर अभिनेता अपनी खोई हुयी पहचान बनाने में कामयाब हो गये। कॉलेज की जिंदगी पर बनी इस फिल्म में ऋषि कपूर की नायिका की भूमिका अभिनेत्री नीतू सिंह ने निभाई। फिल्म खेल खेल में की कामयाबी के बाद ऋषि कपूर और नीतू सिंह की जोड़ी दर्शकों के बीच काफी मशहूर हो गयी। इसके बाद दोने के बीच प्रेम हुआ और दोनो शादी के बंधन में बंध गये। 
इस जोड़ी ने रफूचक्कर, जहरीला इंसान, जिंदादिल,  कभी-कभी, अमर अकबर एंथनी ,अनजाने, दुनिया मेरी जेब में, झूठा कहीं का, धन दौलत, दूसरा आदमी आदि फिल्मों में युवा प्रेम की भावनाओं को निराले अंदाज में पेश किया। वर्ष 1977 में प्रदर्शित फिल्म अमर अकबर एंथोनी ऋषि कपूर के सिने करियर की अहम फिल्मों में एक है। इसमें अमिताभ बच्चन, दिवंगत विनोद खन्ना जैसे मंझे हुये कलाकारों की मौजूदगी में भी ऋषि कपूर ने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को दीवाना बना दिया। 
ऋषि के निधन से खेल जगत दुखी 
दिग्‍गज अभिनेता ऋषि के निधन पर खेल जगत ने भी शोक जताया है। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा, "भरोसा करना मुश्किल है कल इरफान खान और आज ऋषि कपूर। इनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं, दिवंगत आत्मा को शांति मिले।"
वहीं महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कहा, "ऋषि जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं, मैं उनकी फिल्में देखकर बड़ा हुआ हूं, जब भी मैं उनसे मिला हूं वो हमेशा उदार रहे हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।"
वहीं बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने ऋषि कपूर और इरफान खान की तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा है कि, "एक जिंदगी है। इसे पूरा और खुशी से जियो और किसी चीज से फर्क नहीं पड़ता। बस याद दिला रहा था। आप हमेशा याद आओगे।"
वहीं पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी ऋषि के निधन की खबर से बेहद दुखी हैं, उन्होंने लिखा है कि, "ऋषि कपूर जी के निधन के बारे में सुनकर दिल टूट गया है, उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना, ओम शांति।"
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने भी ऋषि कपूर को याद करते हुए लिखा है, "ऋषि कपूर मेरे बचपन के हीरो थे, वो अब चले गए हैं। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदनाएं।" पूर्व बल्लेबाज वीवीएम लक्ष्‍मण ने कहा कि ऋषि के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। 
चेतेश्‍वर पुजारा ने कहा कि इस पर विश्‍वास करना मुश्किल है कि दो दिन में दो दिग्‍गजों को खो दिया। खबर सुनकर काफी दुखी हूं। 
ऋषि पिछले साल ही अमेरिका में कैंसर का उपचार कराने के बाद स्वदेश लौटे थे पर पिछले कुछ दिनों से बीमार होने के कारण मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती थे।
 

Leave a Reply