एक्सिस बैंक में गोल्ड लोन लेने आए दो आरोपी गिरफ्तार, नकली सोना लेकर आए थे आरेापी

हिसार । हिसार में आदमपुर के एक्सिस बैंक में नकली सोना लेकर गोल्ड लोन लेने आए 2 व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बैंक के गोल्ड वैल्युर विजय कुमार की शिकायत के आधार पर रेवाड़ी निवासी जसवंत व फतेहाबाद निवासी पंकज को सोने की 4 चुडिय़ों व ब्रेसलेट सहित काबू किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उन्हें हिसार अदालत में पेश किया जहां अदालत ने एक दिन की पुलिस रिमांड पर आदमपुर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस को दी शिकायत में विजय सोनी ने बताया कि वह एक्सिस बैंक में बतौर गोल्ड वैल्युर के रूप में कार्य करता है। मंगलवार को शाम को उसके पास बैंक के मैनेजर विपिन भाटिया का फोन आया कि गोल्ड लोन के लिए दो व्यक्ति आए हुए है, आप आकर सोने की जांच कर ले। सूचना मिलने पर जब वह सोना चैक करने के लिए गया तो रेवाड़ी के सेक्टर-4 निवासी जसवंत व फतेहाबाद के अशोक नगर निवासी पंकज ने अपने बैग से एक डिब्बे में 4 लेडीज़ चुड़िया व एक ब्रेसलेट उसे दिया। इसके बाद जांच की गई तो चुड़ियों का वजन 74.9 ग्राम व ब्रेसलेट का वजन 392 ग्राम हुआ। विजय कुमार ने आगे बताया कि जब उसने सोने की जांच की तो वह सोना नकली मिला और नकली जेवरात पर होलमार्क किया हुआ था। इसके बाद उन्होंने बैंक मैनेजर को यह बात बताई, जिस पर मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी और नकली जेवरात सहित जसवंत व पंकज को पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले के जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने विजय कुमार की शिकायत के आधार पर रेवाड़ी निवासी जसवंत व फतेहाबाद निवासी पंकज के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिसार अदालत में पेश किया गया, जहां मांग पर उन्हें एक दिन के रिमांड पर आदमपुर पुलिस को सौंप दिया। अब रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से सोने के बारें में पूछताछ करेगी।

Leave a Reply