एक करोड़ की रंगदारी मांगने पर कारोबारी मिली सुरक्षा

फरीदाबाद । हरियाणा के फरीदाबाद में एक रबड़ कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले पीड़ित के मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज आया था। इसमें कहा गया था कि एक करोड़ रुपये दो नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। पीड़ित ने पहले जब इस मैसेज को अपने फोन पर सुना तो उसने ज्यादा ध्यान नहीं दिया और किसी की शरारत समझ कर भूल गया, लेकिन जब उसे फिर से उसी तरह का मैसेज मिला तो वह घबरा गया। इसके बाद कारोबारी तुरंत पुलिस के पास पहुंचा और पुलिस ने वॉयस मैसेज सुनने के बाद उसकी शिकायत पर केस रजिस्टर कर लिया और जांच में जुट गई है। इस मामले पुलिस ने रबड़ कारोबारी को सुरक्षा भी मुहैया करा दी है। फिलहाल जिस नंबर से मैसेज मिला था, पुलिस उसे तलाशने की भी कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि फरीदाबाद में अभी कुछ दिन पहले ही एक व्यापारी और नेता विकास चौधरी की रंगदारी ना देने पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विकास चौधरी से भी ऐसे ही रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस को शक है कि इन सबके पीछे कौशल गैंग का हाथ है, इसलिए पुलिस की एक पूरी टीम इस गैंग के पीछे पड़ी है। हालांकि, पुलिस को इस गैंग और इसके बदमाशों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।
