एक ही दिन में पांच महिला समेत छह लोगों की खुदकुशी
पोरबंदर | जिले में एक ही दिन के भीतर छह लोगों के आत्महत्या करने की घटना सामने आई हैं| जिसमें पांच महिला और एक पुरुष शामिल है| घटनाएं बुधवार की है, जिसमें अलग अलग स्थानों पर किन्हीं कारणों से छह लोगों ने आत्महत्या कर ली| जानकारी के अनुसार पोरबंदर के मेमणवाडा क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती ने अज्ञात कारणों से गले में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली| वहीं पोरबंदर की द्वारकापुरी सोसायटी में 23 वर्षीय विवाहिता ने मायके में इसलिए गले में फांसी लगा ली, क्योंकि ससुराल से उसे कोई लेने नहीं आ रहा था| पोरबंदर जिले के राणावाव के आदित्याणा में 23 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल में अच्छा नहीं लगता होने की वजह से और 22 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल में आए दिन दहेज की मांग से तंग आकर फांसी लगाकर जान दे दी| इसके अलावा जिले की कुतियाणा तहसील के बावडावदर गांव में आर्थिक संकट से परेशान 60 वर्षीय वृद्ध ने फांसी लगाकर और गोकरण गांव में 23 साल की विवाहिता ने अज्ञात कारणों से शरीर पर जलकर जान दे दी|