एमपी के तीस पुलिसकर्मियो के खिलाफ राजस्थान मे एफआईआर दर्ज

भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना जिले में वारंटियों की धरपकड़ की कोशिशो में जुटे 30 पुलिसकर्मियों के खिलाफ राजस्थान में एफआईआर दर्ज किये जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार राजस्थान पुलिस का आरोप है, कि बीबी 19 जुलाई को जिले की चाचौड़ा और कुंभराज पुलिस ने बिना अनुमति राजस्थान की सीमा में घुसकर खानपुरिया गांव के ग्रामीणों पर गोलियां बरसाईं थी, इसमें एक ग्रामीण पुलिस की गोली से घायल हो गया था। पूरे मामले मे मिली जानकारी के अनुसार बीबी 19 जुलाई को जिले के पुलिस कप्तान राहुल लोढ़ा ने वारंटियों और बाइक चोरों की धरपकड़ के लिए 100 लोगों की टीम गठित की थी। इस दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोन्याकला डांग, कालापीपल समेत खानपुरिया गांव में दबिश दी और 3 बाइक चोरों को पकड़ा। इसी दोरान बदमाशों के सरगना जसमन भील को पकड़ने के लिए पुलिस ने योजना बनाते हुए जिस गांव में दबिश दी गई वहां पहले से ही तंवर समाज से जुड़े सैकड़ों लोगों की पंचायत चल रही थी। राजस्थान और मध्य प्रदेश के लोगों द्वारा पंचायत में एक लड़की के अपहरण का मामला सुलझाया जा रहा था। पंचायत ने जब पुलिस को अपनी ओर आता देखा तो उन्हें गलतफहमी हो गई की पुलिस उन्हें पकड़ने आई है। इस गलतफहमी के चलते पंचायत में मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने चाचौड़ा और कुंभराज की पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस हगांमे के दौरान पुलिस टीम ने अपने बचाव में हवाई फायरिंग कर दी। हवाई फायरिंग करते हुए गुना पुलिस राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर गई, इसमें राजस्थान के खानपुरिया गांव में एक ग्रामीण की कमर में पुलिस की गोली लग गई। गोली लगने के बाद अब जिले के 30 पुलिसकर्मियों के खिलाफ राजस्थान के मनोहर थाना पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। वहीं पथराव के 23 नामजद समेत 200 अन्य महिला और पुरुषों के खिलाफ भी गुना जिले के चाचौड़ा और कुंभराज थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के दोरान पथराव में घायल हुए पुलिसकर्मी उपनिरीक्षक श्रीराम तिवारी समेत 5 पुलिसकर्मियों का चाचौड़ा में इलाज जारी है। वही इस पूरी घटना को लेकर अब मध्य प्रदेश और राजस्थान की पुलिस आमने सामने आ गई हैं।

Leave a Reply