एम्स डॉक्टर ने बताया, दर्द में भी मुस्कराते थे जेटली

नई दिल्ली । दिल्ली एम्स में जेटली का इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि जेटली जीवंत व्यक्ति थे और वे दर्द में भी मुस्करा देते थे। दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि वे गंभीर रूप से बीमार थे बावजूद इसके उनमें जीने की अद्भुत क्षमता थी। वे दर्द में भी हंसते रहे। गुलेरिया ने बताया कि जैसे-जैसे उनके अंगों ने काम करना बंद किया वे अशक्त होते चले गए। उन्हें मशीनों पर रखा गया। बावजूद इसके वे जब होश में आते थे तो मंद-मंद मुस्करा कर ही जबाव देते थे। दरअसल, इसके पहले भी जेटली का एम्स में उपचार किया जा चुका है। उस वक्त उन्होंने मरीजों को ठंड शीतल पेयजल मुहैया कराने के लिए कहा था। उसके बाद मरीजों की सुविधा के लिए यहां 5 से अधिक कूलिंग मशीन लगाई गईं थी जिसका रखरखाव वे अपने वेतन से ही करवाते थे।
आईसीयू वार्ड से जब उनके पार्थिव शरीर को जरूरी औपचरिकताओं के लिए रसायनिक आलेपन के लिए शव विच्छेदन कक्ष की तरफ ले जाया जा रहा था वहां पहले से ही भारी संख्या में लोग खड़े थे। सायं करीब 5 बजे उनके पार्थिव शरीर को दक्षिण दिल्ली आवास पर ले जाया गया। इस मौके पर एम्स के डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, मरीज व उनके रिश्तेदारों की आंखें भी नम थीं।
