एसएचओ किया गया लाइन हाजिर, भाजपा पार्षद के बेटे समेत कई पर केस दर्ज

पटाखा मार्केट में जबरन वसूली करने के लिए आए गैंगस्टर छोटा लल्ला की हत्या में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने भाजपा पार्षद लाला सुरिंदर अटवाल के बेटे साजन अटवाल, मंडल, शैली, खली, पीके और पांच अज्ञात आरोपियों पर भी मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने एसएचओ दुगरी बिट्टन कुमार को देर रात लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस ने गैंगस्टर छोटा लल्ला की हत्या में नामजद विशाल उस के भाई सागर और मां विनीता की गिरफ्तारी पर भी रोक लगा दी है। अधिकारियों ने मामले में एसआईटी का गठन किया है, जिसकी कमान डीसीपी इनवेस्टीगेशन सिमरतपाल सिंह ढींढसा को दी गई है। उनके साथ टीम में एडीसीपी इनवेस्टीगेशन दायमा हरीश कुमार और अवतार सिंह को लगाया है। टीम ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
हत्या के बाद जांच के लिए पुलिस पहुंची तो मां ने अवैध वसूली की शिकायत दी। पुलिस ने एक बार विनीता को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके दोनों बेटे फरार हो गए थे। पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल से पटाखा कारोबारी भी मिलने पहुंचे और सारी जानकारी उन्हें दी। पुलिस कमिश्नर ने अपने तौर पर मामले की जांच करवाई तो पता चला कि गैंगस्टर छोटा लल्ला के साथ पार्षद पुत्र साजन अटवाल और बाकी आरोपी भी थे।
इसके बाद पुलिस ने उन पर भी अवैध वसूली करने का मामला दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए। पुलिस ने आगे की जांच तक विनीता को छोड़ दिया और उसके दोनों बेटों की गिरफ्तारी पर भी रोक लगा दी।
वहीं गैंगस्टर छोटा लल्ला के साथ अवैध वसूली करने के लिए गए आरोपी साजन अटवाल के पिता भाजपा पार्षद लाला सुरिंदर अटवाल अपने साथियों के साथ पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि साजन अवैध वसूली नहीं करने गया था। वहां पहले से ही पार्किंग की पर्ची लगाने को लेकर विवाद था। साजन को तो वहां बुलाया गया था।
साजन फगवाड़ा में चुनाव प्रचार कर वापस आ रहा था और वहां से उधर ही चला गया। वहां विवाद हो गया। इस पर साजन वहां से चला गया। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर को सारी बात बता दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी और जो दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते है पुलिस अधिकारी
एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि साजन अटवाल, मंडल, शैली, खल्ली और पीके सहित पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। दोनों पक्षों को बुधवार बयान दर्ज करवाने के लिए बुलाया था, लेकिन साजन और उसके साथी बयान दर्ज कराने के लिए नहीं आए। इस मामले में एसआईटी बनी है। आगे की जांच वह कर रही है।
