ऑटो ड्राइवर को बेरहमी से पीटने वाला मुख्य आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार

शोभापुर इलाके में ऑटो ड्राइवर को बेरहमी से पीटने वाला मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ गुड़ी महाराज को पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी यहां से नेपाल भागने की फिराक में था। गुड़ी पर जबलपुर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसलिए उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उधर, पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद अभिषेक का धनी की कुटिया से जुलूस निकाला है। पुलिस ने अभिषेक और उसके सह आरोपी चंदन सिंह पर 10 हजार का इनाम घोषित किया है। चंदन अभी फरार है। बीते दिन ऑटो ड्राइवर की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें बदमाश ऑटो ड्राइवर को बेरहमी से पीटते हुए नजर रहे थे। ड्राइवर की गलती इतनी थी कि उसकी ऑटो से आरोपी की रिश्तेदार की स्कूटी में मामूली टक्कर लग गई थी। ड्राइवर को पीटने के बाद बदमाश उसे बाइक पर रखकर ले गए थे।

जबलपुर पुलिस ने इस मामले को भी पहले हल्के में ही लिया था। इतना ही नहीं, पुलिस ने उल्टा घायल ऑटो वाले को ही हवालात में बंद कर दिया था, लेकिन जब वीडियो वायरल हुआ तो गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसमें हस्तक्षेप किया। उन्होंने साफ कहा था कि प्रदेश में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।

बताया जा रहा है कि गुड़ी महाराज एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ कत्ल समेत दूसरे जुर्म के करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वो हाल ही में जेल से छूट कर आया है। जेल से बाहर आने के बाद फिर से बेकाबू है और अभी भी कानून की धज्जियां उड़ाता घूम रहा था।

 

Leave a Reply