ओडिशा एफसी से जुड़े मिडफील्डर थोइबा
नई दिल्ली । इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टीम ओडिशा एफसी ने मिडफील्डर थोइबा सिंह के साथ अनुंध किया है। इस अनुबंध के तहत थोइबा अब तीन साल तक ओडिशा एफसी की ओर से खेलेंगे। 17 वर्षीय थोइबा ने कहा, ‘ओडिशा एफसी के साथ शुरुआत करने और आईएसएल में अपनी पहचान बनाने के लिए मैं बेताब हूं। मुझे भरोसा है कि ओडिशा एफसी में खेलने से मेरा खेल बेहतर और और मुझे काफी कुछ सीखने को मिलेगा।’ मणिपुर के थोइबा ने भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वह पिछले दो सत्र से आई-लीग टीम मिनर्वा पंजाब एफसी के साथ खेलते रहे हैं। वह पिछले साल एएफसी कप में गोल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने थे। वहीं ओडिशा एफसी क्लब के अध्यक्ष रोहन शर्मा ने कहा, ‘थोइबा एक बहुत ही रोमांचक और बहुमुखी प्रतिभा के धनी खिलाड़ी हैं। मुझे वास्तव में खुशी है कि हम उन्हें इस साल टीम में लाने में सफल रहे हैं।’
