ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन के पक्ष में बत्रा

भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा को उम्मीद है कि आगामी टोक्यो ओलंपिक खेल तय समय पर होंगे। बत्रा के अनुसार ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन से यह संदेश जाएगा कि हम कोरोना जैसी घातक महामारी से आगे निकल गये हैं।
उन्होंने कहा कि जिंदगी आगे बढ चुकी है और ओलंपिक के आयोजन से यह संदेश जायेगा कि हम कोरोना महामारी से आगे निकल चुके हैं। उन्होंने कहा कि खेलों का विरोध तो होगा ही पर इस मामले में जापान की आयोजन समिति और आईओसी को अंतिम फैसला लेना है। जहां तक भारतीय खिलाड़ियों का सवाल है तो हम सारे जरूरी एहतियात बरत रहे हैं और अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के पूरे प्रयास करेंगे। हाल ही में जापान में ओलंपिक के आयोजन का विरोध कर रहे लोगों ने याचिका डालकर खेलों को रद्द करने की मांग की थी। जापान में कोरोना संक्रमण को देखते हुए तीन और इलाकों में आपातकाल लगा दिया गया है। बत्रा ने यह भी आश्वासन दिया कि भारत से यात्रा पर लगे प्रतिबंध का ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के भाग लेने पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह अस्थायी प्रतिबंध है जो कई देशों ने लागू किया है परन्तु ओलंपिक का प्रोटोकॉल अलग होता है जो सभी सदस्य देशों को मानना ही होता है।
उन्होंने कहा कि मैं आश्वासन देता हूं कि ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके भारतीय खिलाड़ियों को यात्रा में कोई परेशानी नहीं आयेगी। आयोजन समिति और आईओसी ने इसकी गारंटी दी है। उनके लिये कोई प्रतिबंध नहीं होगा। भारत सारे प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है जिसमें ओलंपिक जाने वाले खिलाड़ियों का समय पर टीकाकरण आदि है। हम टीकाकरण को लेकर आईओसी और आयोजन समिति के सारे प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। अपने खिलाड़ियों की सुरक्षित यात्रा को लेकर सरकार से बात कर रहे हैं। इसमें चार्टर्ड उड़ान की व्यवस्था भी है।
