औरंगाबाद में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 3 ढेर, AK-47 सहित 7 हथियार बरामद

औरंगाबाद : बिहार के औरंगाबाद में पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी जब देव थाना क्षेत्र के सतनदिया जंगल में नक्सलियों के साथ हुए मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया गया. लगभग डेढ़ घंटे तक चली इस मुठभेड़ में सात हथियार भी बरामद किए गए. बरामद हथियारों में एक एके-47, तीन इंसास राइफल और एक 303 का राइफल शामिल है.
पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. गौरतलब है कि सीआरपीएफ, कोबरा और एसटीएफ की एक टीम रुटीन सर्च पर निकली थी. टीम जैसे ही सतनादिया के जंगल के पास पहुंची कि नक्सलियों के एक दस्ते ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी हमले में पुलिस की तरफ से भी फायरिंग की गई, जिसमें तीन नक्सली मारे गए.
औरंगाबाद पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सलियों का एक दस्ता सतनदिया गांव के समीप इकट्ठा हुआ है. इसी सूचना के आधार पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस ने संयुक्त रूप से उस क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया. पुलिस को देखते ही नक्सली गोलीबारी करने लगे. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड में तीन नक्सलियों को पुलिस ने मार गिराया.
औरंगाबाद के सहायक पुलिस अधीक्षक (अभियान) राजेश कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण नक्सली पीछे हट गए. क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया. फिलहाल मृतक नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है.
