कठघरे में नीतीश सरकार, 20 दिन में दूसरी बार बुलाई बड़ी बैठक

पटना । कठघरे में खड़ी सरकार ने इस मसले पर महज 20 दिन में ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दूसरी बार बड़ी बैठक करने जा रहे हैं। पटना में संवाद कक्ष में होने जा रही इस मीटिंग में मुख्य सचिव और डीजीपी के अलावा पुलिस विभाग के आला अधिकारी शामिल होंगे। गौरतलब है कि प्रदेश में बढ़ रहीं हत्याओं और कैश लूट की कई बड़ी वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि बीते एक सप्ताह में राज्य भर में 80 से अधिक हत्याएं और लूट की बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। इस संबंध में बीते 7 जून को सीएम नीतीश कुमार ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। जिसमें गृह सचिव आमिर सबहानी और डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे के अतिरिक्त राज्य स्तर के कई आला अधिकारी भी मौजूद रहे थे। सीएम नीतीश ने आदेश दिया था कि राज्य के सभी आईजी और डीआईजी अब महीने में 10 दिन फील्ड में रहा करेंगे। अनुमंडलों में जाकर खुद जांच करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम भी करेंगे। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने बताया कि जांच के दौरान जो भी पुलिस पदाधिकारी गलत पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके तहत बैठक के अगले दिन यानी 8 जून से राजधानी पटना के 9 अनुमंडलों में डीजी की टीम को इंस्पेक्शन करने के निर्देश दिए गए थे। उस बैठक के बाद गृह सचिव आमिर सुबहानी ने बताया था कि क्षेत्रों में पुलिस टीम की गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाएगी और पुलिस कप्तान खुद इसकी मॉनीटरिंग करेंगे। 

Leave a Reply