कठिन हालातों से निकले नवदीप

वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल दिल्ली के तेज़ गेंदबाज नवदीप सैनी आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलते हैं। आईपीएल 2019 में अपनी रफ्तार भरी गेंदबाजी से उन्होंने कई लोगों का ध्यान खींचा था। उन्होंने आईपीएल में अपनी रफ्तार और बाउंसर से बड़े खिलाड़ियों को भी हैरत में डाल दिया था।
नवदीप मध्यवर्गीय घर से हैं उनके घर की हालत इतनी भी मजबूत नहीं थी कि परिवार अपने बेटे की इच्छाओं को पूरी कर सके। परिवार की हालत क्रिकेट एकेडमी की फीस भरने तक की नहीं थी, जिसके बाद नवदीप को मजबूरी में टेनिस गेंद से अभ्यास करना पड़ा और यही उनकी ताकत बन गयी। नवदीप के परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि वह एक जोड़ी स्पोर्ट्स शू तक नहीं खरीद सकते थे।
लीग ने बदल दी जिंदगी
लोकल टूनामेंट में खेलने के लिए नवदीप को करीब 200 रुपये मिलते थे। दिल्ली के तेज गेंदबाज सुमित नरवाल की ओर से आयोजित करनाल प्रीमियर लीग में खेलते समय नवदीप ने कुछ लोगों को प्रभावित किया। यहां से इस गेंदबाज ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
पूर्व सलामी बल्लेबाज गंभीर ने करीब 15 मिनट नवदीप की गेंदबाजी देखी और तुरंत उन्हें दिल्ली की टीम में शामिल कर लिया। दिल्ली का ना होने की वजह से नवदीप को इस टीम से खेलने को लेकर दिक्कत आई। गंभीर ने चयनकर्ताओं से बातचीत की और बाहरी खिलाड़ी के तौर पर विचार किया गया। नवदीप ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) से जुड़ी किसी भी क्रिकेट लीग में हिस्सा नहीं लिया था। इसके बावजूद सभी बाधाओं को पार करते हुए गंभीर नवदीप को दिल्ली टीम में शामिल करने में सफल रहे।
इसके बाद उन्होंने गंभीर के विश्वास को सही साबित करते हुए 2017-2018 के सीजन में कुल 34 विकेट लिए। घरेलू सत्र में उनके प्रदर्शन ने उनके लिए कई दरवाजे खोल दिए। 2017 में दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका दौरे से पहले नवदीप को टीम इंडिया के नेट अभ्यास के लिए चुना गया। इसके बाद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए टीम में जगह मिली।
