कद्दावर नेता व पूर्व मंत्री मांगे राम गुप्ता जेजेपी में शामिल, बिगाड़ सकते हैं कई का समीकरण

हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही नेताओं की आस्थाएं बदलनी शुरू हो गई हैं। जींद के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री मांगे राम गुप्ता ने जननायक जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। बता दें कि इससे पहले पूर्व मंत्री मांगे राम के भाजपा में जाने की अटकलें चल रहीं थी। इसको लेकर वे दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी कर चुके थे। हालांकि इसी के साथ सभी अटकलों पर विराम लग गया है।
वह पहली बार 1977 के चुनाव में चौधरी देवीलाल की लहर के बावजूद बतौर आजाद उम्मीदवार 15751 वोट लेकर विधायक बने थे। 1982 में वह लोकदल के बृजमोहन सगला से हार गए। 1991 में मांगेराम गुप्ता ने कांग्रेस की टिकट पर जनता पार्टी के उम्मीदवार टेकराम कंडेला को हराया था। 2000 के चुनाव में इनेलो के गुलशन भारद्वाज को हराकर मांगेराम गुप्ता विधायक बने।
2005 के चुनाव में मांगेराम गुप्ता ने इनेलो के सुरेंद्र बरवाला को हराया। 2009 के चुनाव में वह इनेलो के डॉ. हरिचंद से हार गए। हजकां व इनेलो में जा चुके मांगेराम लंबे समय से सियासी गतिविधियों में सक्रिय नहीं थे। लेकिन उनका क्षेत्र में अपना अच्छा जनाधार है और मजबूत प्रत्याशी हैं। वे अन्य पार्टियों का सियासी समीकरण बिगाड़ सकते हैं।
