कबीर के बाद शाहिद ने बढ़ाई फीस

अभिनेता शाहिद कपूर फिल्म कबीर सिंह की सफलता को अब भुनाने में लग गये हैं। शाहिद का करियर इस फिल्म के बाद एकबार फिर ऊपर की ओर जा रहा है। यह फिल्म उनके करियर में एक बड़ा बदलाव लेकर आई है। कबीर सिंह ने केवल 5 दिनों में ही बॉक्स ऑफिस पर एक अरब का कारोबार किया है। फिल्म को प्रशंसकों से मिले प्यार के लिए शाहिद ने शुक्रिया अदा किया है। यह भी कहा जा रहा है कि इस फिल्म को मिली अपार सफलता के बाद शाहिद ने अपनी फीस को चार गुना से ज्यादा बढ़ा दिया है।
शाहिद पहले जहां एक फिल्म के लिए 10-12 करोड़ रुपये लिया करते थे। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार, शाहिद को तेलुगू फिल्म जर्सी की रीमेक के लिए अप्रोच किया गया है, जिसके लिए उन्होंने 40 करोड़ रुपये की मांग की है।
'जर्सी' एक क्रिकेटर की इमोशनल सफर को दिखाती है जो क्रिकेट टीम में अपनी जगह वापस पाने के लिए संघर्ष करता है। फिल्म का डायरेक्शन गौतम तिन्नानुरी ने किया था जो इसी साल अप्रैल में रिलीज हुई थी। यह फिल्म सुपरहिट रही थी।
'जर्सी' में अभिनेता नानी ने एक क्रिकेटर का रोल प्ले किया था। इसके अलावा फिल्म में श्रद्धा श्रीनाथ (डेब्यू फिल्म), हर्ष कल्याण, सनुषा, सत्यराज, संपत राज और विशवंत भी नजर आये थे। अब इस फिल्म में शाहिद नजर आ सकते हैं।
कबीर के प्रमोशन के दौरान शाहिद ने कहा था कि फिलहाल उनके पास कोई फिल्म नहीं है। उन्होंने कहा था, फिलहाल मेरे पास कोई काम नहीं है क्योंकि मेरे पास कोई फिल्म नहीं है और यह चीज मुझे परेशान कर रही है।' कबीर सिंह की सफलता के बाद एक बार फिर उनकी मांग तेजी से बढ़ी है।
