कम बारिश वाले क्षेत्रों के किसानों को अतिरिक्त दो घंटे बिजली मिलेगी

अहमदाबाद | गुजरात सरकार ने आज राज्य के उन किसानों के लिए महत्वपूर्ण ऐलान किया है, जिन क्षेत्रों में बारिश कम हुई है| गुजरात के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है तो कई इलाकों में बारिश नहीं होने से किसान चिंतित हैं| कच्छ और उत्तरी गुजरात में अपेक्षित बारिश नहीं होने से किसानों को अपनी फसलों की चिंता खाए जा रही है| गुजरात विधानसभा में ऊर्जा मंत्री सौरभ पटेल ने ऐसे इलाकों में अतिरिक्त दो घंटे बिजली आपूर्ति देने का ऐलान किया है| उन्होंने कहा कि राज्य के जिन इलाकों में बारिश कम हुई है, उन क्षेत्रों के किसानों को अतिरिक्त दो घंटे बिजली मुहैया करवाई जाएगी| जरूरतमंद इलाकों में फिलहाल जो बिजली दी जा रही है, उससे दो घंटे ज्यादा बिजली कम बारिश वाले क्षेत्रों के किसानों को दी जाएगी और यह बिजली तब तक दी जाएगी, जब तक किसानों को जरूरत होगी|
