कर्नाटक चुनावः BJP कार्यकर्ताओं को मोदी का मंत्र- जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव जीतेगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कर्नाटक के सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच जाने और बूथ स्तर तक मतों को अपने पक्ष में बदलने के लिए पूरी ताकत लगाने की अपील की.
प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के बीजेपी कार्यकर्ताओं, चुनाव के उम्मीदवारों एवं जनप्रतिनिधियों से नरेन्द्र मोदी एप के जरिए संवाद करते हुए कहा, ‘‘हमें सिर्फ विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ना है. ऐसे में आपको चौकन्ना रहना होगा, क्योंकि राजनीतिक पार्टियां बीजेपी के खिलाफ झूठ फैला रही है. हमें झूठ से भी लड़ना है और विकास-सच की लड़ाई भी लड़नी है.’’ उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की वजह से ही राजनीति की गलत छवि बनी है. इस छवि और दुष्प्रचार की आंधी को सत्य के आधार पर जीतना है.
प्रधानमंत्री ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहा कि 12 मई तक और कोई काम नहीं होना चाहिए. ‘‘मतदाताओं के बीच अधिक से अधिक समय गुजारें, उनसे जुड़ें. हमें मतों को बदलना है. हमें मतों को बूथ तक ले जाना है. जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव जीतेगा .’’ उन्होंने कहा कि सभी को टिकट नहीं मिल सकता लेकिन हमें पूरी ताकत लगाकर काम करना है. विदेशी एजेंसियों के जरिए चुनाव में गुमराह करने की कोशिशों का मुकाबला करना है. इसमें हमारे कार्यकर्ताओं की ताकत ही हमारी शक्ति है.
पीएम मोदी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एक-एक वोटर के पास पहुंचना चाहिए. वह खुद चीन के दौरे के बाद कर्नाटक दौरे पर आएंगे.
प्रधानमंत्री ने कहा ‘‘जितने पुरुष कार्यकर्ता हैं, उतनी ही महिला कार्यकर्ताओं को वोटरों से मिलने के लिए भेजिए. इसके अलावा हर कार्यकर्ता को कुछ परिवारों का जिम्मा दे दीजिए. हमें बूथ स्तर तक का चुनाव जीतना है और इसके लिये लोगों से व्यक्तिगत रूप से बात कीजिए.’’ उन्होंने कहा कि हम विकास के मुद्दे पर, संगठन की ताकत के आधार पर और जनता के विश्वास को जीतकर चुनाव में विजय चाहते हैं. हम जनता को गुमराह करके चुनाव नहीं जीतना चाहते.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कर्नाटक में माताओं-बहनों को टॉयलेट से वंचित रखा गया. अब केंद्र सरकार ने चार साल में 34 लाख टॉयलेट बनाए हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन पर आरोप लगाया जाता है कि मोदी सिर्फ धन्नासेठों के लिए काम करता है. क्या ये 34 लाख टॉयलेट अमीरों के लिए बने हैं? प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जो सरकार आप यहां चुनेंगे, वो आजादी के 75 साल पूरे होने पर 2022 तक रहेगी. आप ऐसी सरकार चुनें जो केंद्र सरकार के न्यू इंडिया विजन को साथ लेकर चले. ‘‘मैं लोगों से अपील करता हूं कि आप पूर्ण बहुमत की सरकार लाइए. दुनिया में आज भारत का नाम रोशन हुआ है. इसका कारण केंद्र में फैसले लेने वाली पूर्ण बहुमत की सरकार है.’’
प्रधानमंत्री ने 4 साल में केंद्र की ओर से कर्नाटक को दी गई मदद के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार आखिरी 4 साल के कार्यकाल में कर्नाटक को हाईवे निर्माण के लिए 8,700 करोड़ रुपये दिए गए थे जबकि हमारे चार साल के कार्यकाल में कर्नाटक को 27,000 करोड़ रुपये हाईवे निर्माण के लिए दिए गए. उन्होंने उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के मुद्दों के बारे में भी बताया . बता दें कि कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों के लिए 12 मई को वोट डाले जाएंगे.
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रचार अभियान को धार देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी 1 मई को राज्य के दौरे पर जाएंगे. मोदी एक मई को उडुपी जाएंगे, जहां उनका श्री कृष्ण मठ जाने का कार्यक्रम है. इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे .
