कर्नाटक में आज फ्लोर टेस्ट, मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा विधानसभा में साबित करेंगे बहुमत

बेंगलुरु। कर्नाटक में पिछले एक महीने से चल रहा सियासी संकट सोमवार को खत्म हो जाएगा। आज कर्नाटक विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होने वाला है। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा सोमवार को सदन में सरकार का बहुमत साबित करेंगे।कर्नाटक विधानसभा में फ्लो टेस्ट को लेकर भाजपा किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती है। इसलिए रविवार को बीजेपी के सभी विधायकों को बेंगलुरु के एक होटल में ठहराया गया। होटल में बीजेपी विधायक दल की बैठक भी आयोजित की गई जिसमें येदियुरप्पा समेत अनेक पार्टी नेता मौजूद रहे।
कर्नाटक भाजपा विधायक बेंगलुरु के चांसरी पैवेलियन होटल में रात रुकने के लिए गए, जहां रविवार रात भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। बैठक के बाद कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। हमने सोमवार को विधानसभा में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की। हम सोमवार को विश्वास मत हासिल करेंगे। इसके बाद वित्त बिल लाएंगे। मैं समझता हूं कि कांग्रेस और जेडीएस को इसका समर्थन करना चाहिए।'
कांग्रेस-जेडीएस के 14 बागी विधायक अयोग्य घोषित
इससे पहले रविवार का दिन कर्नाटक की राजनीति के लिए काफी महत्वपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बहुमत परीक्षण से ठीक एक दिन पूर्व स्पीकर केआर रमेश कुमार ने कांग्रेस-जेडीएस के 14 बागी विधायकों को मौजूदा विधानसभा के पूरे कार्यकाल 2023 तक के लिए अयोग्य करार दिया। इसका मतलब यह है कि ये विधायक इस विधानसभा के कार्यकाल में उपचुनाव भी नहीं लड़ पाएंगे। इन सभी विधायकों ने स्पीकर के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को चुनौती देने का एलान किया है।
इससे पहले भी स्पीकर तीन बागी विधायकों को अयोग्य ठहरा चुके हैं। विधानसभा स्पीकर की इस कार्रवाई से सदन में सदस्यों की प्रभावी संख्या कम हो जाएगी, जिससे येदियुरप्पा के लिए बहुमत साबित करना आसान हो गया है। येदियुरप्पा ने कहा है कि मैं सौ फीसदी आश्वस्त हूं, मैं बहुमत साबित करूंगा।
बता दें, बीएस येदियुरप्पा ने दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। कुल 17 विधायकों (कांग्रेस के 13 और जदएस के तीन) को अयोग्य करार दिए जाने के बाद सदन का नया समीकरण बदल गया है। 224 सदस्यीय विधानसभा में स्पीकर को छोड़कर सदस्यों की प्रभावी संख्या 207 हो गई है। ऐसे में बहुमत का आंक़़डा 104 पर आ गया है। भाजपा के खुद 105 विधायक हैं तथा उसे एक निर्दलीय का भी समर्थन है।
25 जुलाई को अयोग्य घोषित किए गए विधायक
रमेश जारकिहोली (कांग्रेस), महेश कुमतल्ली (कांग्रेस), आर शंकर (निर्दलीय)
28 जुलाई को अयोग्य घोषित विधायक
कांग्रेस विधायक- प्रताप गौड़ा पाटिल, शिवराम हेब्बर, बीसी पाटिल, बयराती बासवराज, एसटी सोमशेखर, के सुधाकर, एमटीबी नागराज, श्रीमंत पाटिल, रोशन बेग, आनंद सिंह और मुनिरत्ना
जेडीएस विधायक- ए एच विश्वनाथ, नारायण गौड़ा और के गोपालैया
