कश्मीरी छात्रा बोली- 55 दिन से घर नहीं किया फोन, सीएम बोले- हम कराएंगे बातचीत

लखनऊ. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने शनिवार को अलीगढ़ सहित प्रदेश भर से आए जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) के छात्रों के समूह से मुलाकात की. मुख्यमंत्री आवास, 5, कालीदास मार्ग पर हुई इस मुलाकात बाद कश्मीरी छात्र काफी खुश नजर आए. अधिकांश छात्रों ने कहा कि सीएम योगी से मुलाकात कर उन्हें नजदीक से मिलने का मौका मिला. उन्हें उम्मीद है कि उनकी जो भी समस्याएं हैं, वे सुलझाने में सीएम योगी पूरी मदद करेंगे.
इन्हीं में एक छात्रा इकरा ने बताया कि पिछले 55 दिनों से उसकी अपने घर कश्मीर में बातचीत नहीं हो सकी थी. इस व्यथा को जब उसने सीएम योगी आदित्यनाथ को बताया तो उन्होंने कहा कि सभी छात्रों की परिवार से बातचीत की व्यवस्था कराई जाएगी. यही नहीं जल्द ही बातचीत का ये सिलसिला सामान्य होगा.
यूपी में सभी कश्मीरी छात्रों को आपस में जोड़ने का सिस्टम होगा डेवलप: सीएम योगी
इसके अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया कि वह प्रदेश में जल्द ही ऐसा सिस्टम डेवलप करेंगे, जिसके तहत यहां रहने वाला हर कश्मीरी छात्र एक दूसरे के संपर्क में रहे, उनसे जुड़े. इस दौरान इन करीब 70 कश्मीरी छात्र-छात्राओं को पर्यटन विभाग की तरफ से लखनऊ दर्शन की व्यवस्था भी की गई. प्रमुख सचिव पर्यटन जितेंद्र कुमार के अनुसार इन छात्रों को विधानसभा, हजरतगंज, छतर मंजिल, रेजिडेंसी, बड़ा इमामबाड़ा, रूमी गेट, घंटा घर, सतखंडा के अलावा छोटा इमामबाड़ा, अंबेडकर स्मारक, टुंडे कबाब आदि घुमाया जाएगा.
इससे पहले बैठक के दौरान सीएम योगी ने कहा कि हमारा राज्य भले ही भिन्न है, यहां संस्कृति भले ही भिन्न है लेकिन आखिरकार आप सभी हमारे बच्चे हैं. मुझे खुशी है कि आज जम्मू-कश्मीर के छात्रों के साथ संवाद शुरू हुआ है. सीएम ने कहा कि आप सभी अपने मुद्दे बना किसी हिचक के मेरे सामने रख सकते हैं. हो सकता है कि आपकी कुछ समस्याएं हों लेकिन आप बेझिझक उसे मेरे सामने रख सकते हैं.
'छात्रों की समस्या काे मैं खुद करूंगा मॉनीटर'
मुख्यमंत्री ने कहा कई समस्याएं सिर्फ तभी शुरू होती हैं, जब कोई बातचीत नहीं होती. संवाद के अभाव में गंभीर समस्याएं जन्म ले लेती हैं. बातचीत से कई मुद्दे सुलझाए जा सकते हैं और चीजें बेहतर होती हैं. उन्होंने कहा कि हो सकता है कि आपके कई मुद्दे हों, जिन पर हम केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करें और उन्हें सुलझाएं. कुछ ऐसी भी समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें हमें जम्मू-कश्मीर प्रशासन से बातचीत कर उन्हें सुलझाना हो. सीएम योगी ने छात्रों से कहा कि आपको मुझसे बातचीत करने में किसी भी प्रकार का कोई संदेह नहीं होना चाहिए. मुझसे की गई कोई भी बात बाहर नहीं जाएगी. आप उत्तर प्रदेश में अगर किसी स्थानीय मुद्दे से जूझ रहे हैं तो उसे हम सुलझाएंगे. मैं खुद समस्या सुलझने तक मॉनीटर करूंगा.
किसानों के लिए बनाई पॉलिसी, निवेश बढ़ाया
इस दौरान यूपी सरकार के कामकाज की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए हमने पालिसी बनाई है. किसानों के उत्पादन की खरीद की हमने व्यवस्था की है. उत्तर प्रदेश में 23 करोड़ की आबादी है, रोजगार के लिए हमने निवेश बढ़ाया. 2 लाख करोड़ से अधिक का हमने ढाई साल में निजी निवेश कराया है. एक प्रक्रिया इसी तरह आगे बढ़ रही है. हमारे पास प्राकृतिक संसाधन बहुत हैं, पर पहले किसान परेशान था. हमारी सरकार आने के बाद मैंने कहा पता करो कि क्यों किसान परेशान है? उनके लिए हमने रास्ते निकले.
हमारे पास मजबूत टीम है: सीएम योगी
सीएम योगी ने इस दौरान छात्रों को बताया कि प्रदेश के प्रमुख सचिव सूचना और प्रमुख सचिव गृह की जिम्मेदारी संल रहे अवनीश अवस्थी आईआईटी कानपुर से पढ़े हैं. अवनीश अवस्थी गृह और सूचना विभाग को देखते हैं और जरूरी है कि आप सभी इनके कार्यो से सीखें. हमारी मजबूत टीम है.
