कश्मीर: ईद मनाने घर जा रहे जवान की अगवा कर हत्या, हिजबुल आतंकी के एनकाउंटर में थे शामिल

श्रीनगर. छुट्टी लेकर ईद मनाने घर जा रहे सेना के जवान औरंगजेब को आतंकियों ने शोपियां से अगवा कर बर्बरता से हत्या कर दी। उन्हें गुरुवार सुबह 9:30 बजे कलमपोरा से अगवा कर लिया गया था। बाद में उनका शव रात 8 बजे मिला। वे हिजबुल आतंकी समीर टाइगर को एनकाउंटर में मारने वाली टीम में शामिल थे।
शादीमर्ग में तैनात थे औरंगजेब
– 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फेंट्री के जवान औरंगजेब 44 राष्ट्रीय राइफल के साथ शोपियां के शादीमर्ग में तैनात थे। राजौरी जिले के मेंढर निवासी औरंगजेब ईद मनाने के लिए सुबह 9 बजे घर के लिए निकले थे। शादीमर्ग कैंप के बाहर साथियों ने उन्हें एक प्राइवेट कार में बैठाया। कुछ दूर आगे कलमपोरा पहुंचते ही चार-पांच आतंकियों ने किडनैप कर लिया।
– ड्राइवर से सूचना मिलते ही बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। देर शाम पुलवामा जिले में गोलियों से छलनी शव मिला।
– औरंगजेब मेजर शुक्ला के साथ तैनात थे। मेजर शुक्ला ने पिछले महीने आतंकी समीर टाइगर को मुठभेड़ में मार गिराया था।
ईद के बाद खत्म हो सकता है संघर्षविराम
– केंद्र सरकार के सूत्रों ने संकेत दिए कि ईद के बाद कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ एकतरफा संघर्ष विराम खत्म हो जाएगा। संघर्ष विराम के दौरान आतंकी हमलों में 3 गुना इजाफा हुआ है। इस मुद्दे पर गुरुवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक बुलाई थी। हालांकि, अभी इस बारे में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
– रमजान के शुरुआती 27 दिन में आतंकी हमले तीन गुना बढ़ गए। इन 27 दिनों में 58 आतंकी हमले हुए, जबकि रमजान का महीना शुरू होने से पहले के 27 दिनों में 18 हमले हुए थे।
छुट्टी पर आए जवानों को पहले भी निशाना बना चुके हैं आतंकी
– आतंकी पहले भी छुट्टी पर आने वाले जवानों को निशाना बना चुके हैं। मई 2017 में सेना के लेफ्टिनेंट उमर फयाज की आतंकियों ने अगवा करने के बाद हत्या कर दी थी। 22 वर्षीय उमर शोपियां में अपने कजन की शादी समारोह में भाग लेने आए थे।
– 2017 में शोपियां के ही टेरिटोरियल आर्मी जवान इरफान अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें भी घर से ही अगवा किया गया था।
