कांग्रेस के खून में भ्रष्टाचार, इसीलिए कर रही मोदी जी का विरोधः शिवराज सिंह चौहान

रीवा। भ्रष्टाचार करना तो कांग्रेस की सरकारों का मुख्य उद्देश्य रहा है। जब ये केंद्र में थे तो इन्होंने टूजी, थ्रीजी सहित कई घोटाले किए। प्रदेश में सत्ता में आए हैं तो यहां भी इनके घपले-घोटाले शुरू हो गए हैं। भ्रष्टाचार तो कांग्रेस के खून में ही है। अब सारे भ्रष्टाचारी इकट्ठा होकर कह रहे हैं कि देश को नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री नहीं चाहिए, क्योंकि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। ये बातें पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही। श्री चौहान ने रविवार को रीवा से पार्टी प्रत्याशी जर्नादन मिश्रा के लिए नईगढ़ी, मनगवां, जवां (सिरमौर) में, सतना के पार्टी प्रत्याशी गणेश सिंह के समर्थन में वीरसिंहपुर, रैगांव के कोठी व मैहर में तथा खजुराहो के प्रत्याशी वी.डी. शर्मा के समर्थन में लवकुशनगर में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।
झूठ बोलते हैं राहुल गांधी और कमलनाथ
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस तो झुठेलों की टोली है। राहुल गांधी से लेकर कमलनाथ तक सब झूठ बोल रहे हैं। ये झूठ बोलने के रिकार्ड तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले इन्होंने देश से गरीबी हटाने का झूठ बोला है और वही झूठ अब फिर से दोहरा रहे हैं। राहुल गांधी कह रहे हैं कि गरीबों के खातों में पैसा डालेंगे। लेकिन इनसे यह तो पूछो कि विधानसभा के चुनाव में प्रदेश के किसानों, युवाओं से कर्जमाफी और रोजगार देने का जो वादा किया था कि किसानों उसे अब तक पूरा क्यों नहीं किया। किसानों से, युवाओं से झूठ बोलकर कांग्रेस ने वोट ले लिया, सरकार बना ली और अब कमलनाथ किसानों को मैसेज कर रहे हैं कि आचार संहिता लग गई है, इसलिए खातों में पैसा नहीं डाल पाए।
सारे भ्रष्टाचारी इकट्ठा होकर षड्यंत्र रच रहे हैं
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कांग्रेस एवं उनके सहयोगी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि अब कांग्रेस और उनके सारे सहयोगी और भ्रष्टाचारी इकट्ठा होकर श्री नरेंद्र मोदी को हटाने के षड्यंत्र रच रहे हैं। वे सभी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उनको यह पता नहीं है कि देश की जनता, प्रदेश की जनता इनके मंसूबों को जान चुकी है, इसलिए अब वह गलती कभी नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से विधानसभा चुनाव में गलती हो गई, जिसका खामियाजा अब भुगतना पड़ रहा है।
चौकीदार चौकन्ना है, नहीं बचेंगे भ्रष्टाचारी
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार एवं मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर कहा कि हमने गरीबों के लिए संबल योजना शुरू की थी, लेकिन इन्होंने उसको बंद कर दिया। संबल योजना में हम गरीबों को 200 रूपए में बिजली देते थे, आकस्मिक मृत्यु पर चार लाख, सामान्य मौत पर 2 लाख रूपए सहायता देते थे, अंतिम संस्कार के लिए पांच हजार रूपए की सहायता देते थे, लेकिन कांग्रेस की बेईमान सरकार गरीबों के कफन का पैसा भी खा गई। उन्होंने कहा कि देश का चौकीदार चौकन्ना है और अब कोई भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा, इसलिए भ्रष्टाचार के आंकठ में डूबी कांग्रेस और इनके नेता परेशान हैं।
मुझे पद नहीं प्रदेश की जनता प्यारी है
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे मुख्यमंत्री और मंत्री पद प्यारा नहीं है। मुझे तो प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता प्यारी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमारा वोट प्रतिशत कम नहीं हुआ, लेकिन कुछ सीटें कम हो गईं। उन्होंने जोड़-तोड़ करके सरकार बना ली। मुझसे भी कहा कि आप भी जोड़-तोड़ कर लो, लेकिन मैंने कह दिया कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार ही बनाउंगा। उन्होंने कहा कि फिर मुझसे केंद्र में जाने का कहा गया तो मैंने साफ इनकार कर दिया कि मुझे मंत्री पद नहीं चाहिए, मैं तो अपने प्रदेश की जनता के साथ ही रहूंगा। कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहूंगा और सरकार गड़बड़ करेगी, प्रदेश की जनता को परेशान करेगी तो उसकी छाती पर मूंग दलूंगा।
देश को मोदी जी जैसे नेतृत्व की ही जरूरत
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जब-जब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रहीं हैं, इन्होंने प्रदेश का बंटाढार किया है। जब ये केंद्र में थे तो इन्होंने सारे देश को बर्बाद करके रख दिया। इनकी सरकारों के समय आतंकवादियों के हौसले बुलंद थे, वे हमला करते थे तो इनके प्रधानमंत्रियों के मुंह से आवाजें नहीं निकलती थीं। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यकाल में अब आतंकवादियों को भारत से खौफ लगने लगा है। उन्होंने आतंकवादियों के हमलों का जबाव भी उन्हीं के अंदाज में दिया है। पाकिस्तानियों को घर में घुसकर मारा है। यह काम सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे नेतृत्व की ही जरूरत है, जो देश की शान बढ़ाए और देश की आबरू पर निगाहें उठाकर देखने वालों को सबक सिखाए। श्री चौहान ने सभा में उपस्थित जनसमुदाय से अपील की कि मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए कमल का बटन दबाएं और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को जिताएं।
