किसान आंदोलन का असर-आसमान छूने लगे सब्जी-फलों के दाम

नई दिल्ली। उपज पर वाजिब दाम, कर्जमाफी व अन्य मांगों को लेकर आठ राज्यों के किसानों का 10 दिवसीय देशव्यापी आंदोलन जारी है। रविवार को किसानों के गांव बंद आंदोलन का तीसरा दिन था। आक्रोशित किसान आंदोलन को खत्म करने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। किसान आंदोलन का असर दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों पर पड़ रहा है। किसानों के प्रदर्शन के कारण दिल्ली और इससे सटे राज्यों में दूध, सब्जियों और फलों के रेट बढ़ रहे हैं, जिससे सब्जी बेचने वाले और खरीदने वाले दोनों ही परेशान हैं। वहीं, किसान आंदोलने के दूसरे दिन मध्य प्रदेश में नौ एफआईआर दर्ज की गईं और 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से पांच मामले सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो पोस्ट करने के हैं। तीन दिन में सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो वायरल करने के सात मामले दर्ज किए जा चुके हैं। उधर, बाजार में सब्जी और दूध की उपलब्धता बनी हुई है। आईजी इंटेलीजेंस मकरंद देउस्कर के मुताबिक प्रदेश में कोई विशेष घटना नहीं हुई। कुछ स्थानों पर किसानों ने सब्जी और दूध सड़क पर फेंके। नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में दूध-सब्जी फेंकी गईं तो होशंगाबाद जिले के सोहागपुर में भी एक किसान ने दूध सड़क पर फेंकते हुए वीडियो बनाया और वायरल किया। देउस्कर ने बताया कि सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो वायरल करने के चार जिलों में मामले दर्ज किए गए हैं। आगर-मालवा में दो और धार, नीमच व रतलाम में एक-एक प्रकरण दर्ज किए गए, इनमें पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है। उधर, राजगढ़ में दूध फेंककर विरोध करने वाले चार किसानों को गिरफ्तार किया गया है। बैतूल में भी चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। मध्य प्रदेश में सब्जियों और दूध की किल्लत की खबर नहीं है। मंडियों में आवक जरूर कम हुई है। किसानों ने पिछले साल की तरह दूध-सब्जियों को सड़कों पर फेंकने की जगह गांधीगीरी का रास्ता अपनाया है। उन्होंने कई जगह अस्पतालों में मरीजों को दूध बांटा है। राजधानी दिल्ली की आजादपुर मंडी में टमाटर की आवक में कमी आई है, जिससे दाम चार से पांच गुना बढ़ गए। वहीं दूसरे राज्यों में दूध व सब्जियों को बाजारों तक नहीं पहुंचने दिया गया। किसान आंदोलन का असर राजस्थान के करीब 13 जिलों में देखने को मिला। वहां मंडियों में सब्जियों के नहीं आने और दूध की आपूर्ति बाधित होने से हालात बिगड़ने लगे हैं। सर्वाधिक प्रभाव पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में है। पंजाब के सभी बड़े शहरों जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, पटियाला व बठिंडा समेत सभी जिलों में सब्जियों व दूध के दाम में भारी उछाल आ गया है। सब्जियां दो से तीन गुना कीमत पर बिकीं।

Leave a Reply