कुख्यात डकैत जगन गुर्जर ने किया सरेंडर

जयपुर । राजस्थान के चंबल बीहड़ों में आतंक का पर्याय बन चुके कुख्यात डकैत जगन गुर्जर ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। बीते 15 दिनों से चंबल के बीहड़ों में डकैत जगन को पकड़ने में असफल रही पुलिस जगन को जंगल से लेकर अब धौलपुर पहुंच रही है। गौरतलब है कि 40 हजार रुपए इनामी डकैत जगन के आतंक पर अंकुश लगाने के लिए संसद में भी आवाज उठ चुकी है। यहां तक कि सांसद हनुमान बेनीवाल ने तो एनकाउंटर करने तक की मांग कर दी थी। इसी वजह से एनकाउंटर में अपनी जान को खतरे में देख, जगन गुर्जर ने पुलिस के आगे तीसरी बार आत्म्समर्पण किया है।
बुधवार रात जगन ने मीडिया संस्थानों में फोन कर बताया कि गुरुवार सुबह वो सरेंडर करने जा रहा है। सोची समझी योजना के तहत जगन ने खुद को सुरक्षित रखते हुए पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इसी महीने जेल से बाहर आए कुख्तात डकैत जगन गुर्जर ने धौलपुर जिले के करनपुर-सायका पुरा गांव में 12 जून को दो महिलाओं से मारपीट कर उन्हें निर्वस्त्र कर दिया था और उन्हें पूरे गांव में घुमाया था। तब से पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। यही वजह है कि उसने खुद सरेंडर करने का निर्णय लिया है।
