कुडा गांव में चार लोगों की हत्या में नया मोड, घर का मुखिया निकला हत्यारा

बनासकांठा | कुडा गांव में एक परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है| पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि घर के मुखिया ने पत्नी और तीन संतानों की हत्या करने के बाद जहरीली दवाई पी ली| हांलाकि स्थानीय लोगों का कहना है कि एक पिता अपने परिवार के सदस्यों की हत्या नहीं कर सकता| यदि घर के मुखिया ने हत्या की होती तो वह घायल नहीं होता और उसके हाथ बंधे हुए नहीं होते|
बनासकांठा जिले की लाखणी तहसील के कुडा गांव में करशनभाई पटेल अपनी पत्नी अणवी पटेल, पुत्र उका पटेल और सुरेश पटेल तथा पुत्री भावना पटेल के साथ रहते थे| बीती रात करशनभाई की पत्नी, दोनों पुत्र और पुत्री को तीक्ष्ण हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया था| चार लोगों के शव के घर के भीतर पड़े थे, जबकि घर का मुखिया करशनभाई पटेल घर के बाहर खाट पर घायल हालत में मिला था| यह परिवार पहले केशरसिंह गोलिया गांव में रहता था, जहां की जमीन बेचने के बाद परिवार कुडा गांव चला आया| जहां कल रात परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी गई| परिवार के मुखिया करशनभाई पटेल को गंभीर हालत में पालनपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है| 
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल की मदद से जांच शुरू की है| पुलिस की प्राथमिक जांच ने पूरी घटना को नया मोड दे दिया है| पुलिस का मानना है कि आर्थिक तंगी से परेशान होकर करशनभाई पटेल ने पत्नी, दो पुत्र और पुत्री की हत्या कर दी| करशनभाई ने 21 लाख रुपए ब्याज पर लिए थे, जिसकी वसूली से तंग आकर उन्होंने परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी और बाद में दीवार पर 21 लाख की रकम और ब्याजखोरों के नाम लिख दिए| दीवार पर लिखा गया कि रुपए वापस नहीं लौटाने पर हत्या की गई है| 
दूसरी ओर गांव के लोगों का कहना है कि एक पिता अपने परिवार के सदस्यों की हत्या नहीं कर सकता| यदि करशनभाई ने हत्या की होती तो वह घायल नहीं होता और उनके हाथ बंधे नहीं होती| हत्या में उपयोग की गई कुल्हाडी भी काफी दूर से मिली है| स्थानीय लोगों के मुताबिक करशनभाई अनपढ़ थे और वह कैसी दीवार पर किसी का नाम और रकम लिख सकते हैं| दीवार पर जो नाम लिखे गए हैं, उसमें आधे नाम तो उनके परिवार के लोगों के ही हैं| लोगों ने पुलिस की प्राथमिक जांच को गलत बताते हुए कहा कि जब हत्यारों को पकड़ा नहीं जाता, तब वह शव नहीं लेंगे|

Leave a Reply