कुशीनगर हादसा: बिना मान्यता का स्कूल और बगैर रजिस्ट्रेशन था वैन

कुशीनगर हादसे को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में सीएम योगी ने लापरवाही बरतने के आरोप चार अफसरों को सस्पेंड कर दिया. साथ ही डिवाइन मिशन स्कूल के प्रबंधक और प्रिंसिपल करीम जहान खान पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिया. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

बता दें डिवाइन मिशन स्कूल बिना मान्यता के ही चल रहा था. स्कूल के बच्चों की टीसी की व्यवस्था सेठ वंशीधर विद्यालय से होती थी. मुख्यमंत्री के आदेश के बाद प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, सेठ वंशीधर विद्यालय के खिलाफ भी जांच जारी है. पुलिस ने बताया कि वैन का पंजीकरण नहीं है. बिना नंबर प्लेट के चलाई जा रही थी. वैन का मालिक भी स्कूल प्रबंधक करीम ही है.

10 सीटर वैन में 17 बच्चे थे सवार

चौंकाने वाली बात थी की जिस टाटा मैजिक गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ उसमें चालक के अलावा 17 बच्चे सवार थे. जबकि गाड़ी में बैठने की क्षमता बमुश्किल 6 से 8 लोगों की थी. इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थिति क्या रही होगी. बच्चों को कैसे ठूंस कर बैठाया गया होगा. इंजन से टकराने के बाद वैन उछलकर 100 मीटर दूर जाकर गिरी थी.

हादसे में जांच रिपोर्ट आने के बाद सीएम योगी ने लापरवाही बरतने के आरोप में कुशीनगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस हादसे के लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार दुदही खंड शिक्षा अधिकारी शेष बहादुर को भी निलंबित कर दिया गया है. साथ ही कुशीनगर के एआरटीओ राजकिशोर त्रिवेदी और परिवहन विभाग के यात्री कर अधिकारी रणवीर सिंह चौहान को भी हादसे के लिए दोषी पाए जाने के बाद सस्पेंड कर दिया गया है.

गौरतलब है कि सुबह पौने सात बजे के करीब विशुनपुरा थाने के दुदही मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर एक स्कूली वैन की पैसेंजर ट्रेन से हुई टक्कर में 13 बच्चों की मौत हो गई. इस हादसे में चालक और चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

Leave a Reply